Published: Friday, August 14, 2026, 11:07 [IST]
Anita Raj: बॉलीवुड की खूबसूरत और टैलेंटेड एक्ट्रेस अनीता राज (Anita Raj) ने 80 और 90 के दशक में अपनी दमदार अदाकारी और खूबसूरती से दर्शकों के दिलों पर खास छाप छोड़ी थी। बड़े पर्दे पर कई यादगार किरदार निभाने वाली अनीता राज ने अपने करियर में एक्शन से लेकर रोमांस और ड्रामा तक, हर तरह के रोल में खुद को साबित किया। फिल्मों से लेकर टीवी की दुनिया तक उन्होंने अपनी पहचान कायम रखी और आज भी उनकी पर्सनैलिटी और फिटनेस लोगों का ध्यान खींचती है।
अनीता राज की खूबसूरती के दीवाने हैं लोग
जानकारी के अनुसार अनीता राज का जन्म अगस्त 1962 को मुंबई में हुआ था। वह मशहूर बॉलीवुड एक्टर जगदीश राज की बेटी हैं। अनीता राज ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है। 'फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग के लिए फेमस एक्ट्रेस अनीता राज की खूबसूरती के लोग दीवाने थे।
27 साल बड़े धर्मेंद्र के साथ जुड़ा था अनीता राज का नाम
आपको बता दें कि एक समय पर हिंदी सिनेमा के ही-मैन यानी धर्मेंद्र का नाम अनीत राज के साथ जुड़ा था। कहा जाता है कि जब अनीता राज और धर्मेंद्र साल 1980 में फिल्म 'नौकर' की शूटिंग कर रहे थे, तो इसी दौरान उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ ऑफस्क्रीन रोमांस के चर्चे भी होने लगे थे। अनीता राज सुपरस्टार धर्मेंद्र से उम्र में 27 साल छोटी थीं।
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को दी थी धमकी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक धर्मेंद्र और अनीता राज ने एकसाथ 'नौकर', 'करिश्मा कुदरत का' और 'जलजला' जैसी फिल्मों में काम किया था। ऐसा कहा जाता है कि धर्मेंद्र की सिफारिश पर ही अनीता राज को बॉलीवुड में उनके साथ कास्ट किया गया था लेकिन जब दोनों के रोमांस के किस्से बॉलीवुड के गलियारों में गूंजने लगे तो सुपरस्टार की दूसरी पत्नी हेमा मालिनी को इसमें दखल देना पड़ा था। कई रिपोर्ट्स में ये दावा किया जाता है कि हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को धमकी तक दी थी, जिसके बाद उन्होंने अनीता राज के साथ काम करना बंद कर दिया था।
राजेंद्र कुमार के चलते 8वें महीने में होने वाला था मिसकैरिज?
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार न सिर्फ धर्मेंद के साथ अफेयर रूमर्स फैलने से अनीता राज का करियर ग्राफ गिरने लगा था बल्कि एक्टर राजेंद्र कुमार ने भी उनके साथ कुछ ऐसा किया था, जिसकी वजह से 8 महीने प्रेग्नेंट एक्ट्रेस का मिसकैरिज होते-होते बचा था। यूट्यूब चैनल लहरें रेट्रो के मुताबिक फिल्म जरूरत की शूटिंग के दौरान अनीता राज प्रेग्नेंट हो गई थीं। हालांकि प्रेग्नेंसी में भी उन्होंने शूटिंग की थी लेकिन 8वें महीने में उन्होंने शूट करने से इनकार कर दिया था।
-ऐसे में फिल्म के लीड हीरो राजेंद्र कुमार को अनीता राज पर काफी गुस्सा आया था। उन्होंने जबरन अनीता से फिल्म की शूटिंग करवाई थी। वहीं मूवी के एक सीन को शूट करते हुए अनीता राज फिसल गई थीं। इसके बाद प्रेग्नेंट एक्ट्रेस को तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा था, जहां उन्होंने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया।
-कई रिपोर्ट्स में ये दावा किया जाता है कि राजेंद्र कुमार ने अनीता राज को उनकी डिलीवरी के दो दिन बाद ही सेट पर आकर फिल्म की शूटिंग करने का दबाव बनाया था। वहीं अनीता राज ने सेट पर आकर शूटिंग की भी थी लेकिन एक्टर के इस बर्ताव ने अनीता को काफी नाराज कर दिया था।
बॉलीवुड छोड़कर कहां गायब हुईं अनीता राज?
बॉलीवुड में लगातार गिर रहे करियर को देखते हुए अनीता राज ने टीवी का रुख किया और वहां पर उन्हें सफलता भी मिली। अनीता राज ने 'तुम्हारी पाखी', 'छोटी सरदारनी', 'परिनीति', 'सावी की सावी' में काम किया है। फिलहाल इन दिनों वह 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' सीरियल में नजर आ रही हैं।
64 की उम्र में भी फिटनेस को लेकर मेहनत करती हैं अनीता राज
आपको बता दें कि फिलहाल अनीता राज की उम्र 64 साल है और वह शिल्पा शेट्टी और मलाइका अरोड़ा जैसी हीरोइनों से कहीं ज्यादा अपने फिटनेस को लेकर सुर्खियों में छाई रहती हैं। अनीता आज के समय में इस उम्र में भी जबरदस्त वर्कआउट करती नजर आती हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं और अपनी तस्वीरें और वीडियोज लोगों के साथ शेयर करती रहती हैं।