सिरसा मेडिकल कॉलेज का 7 मंजिला भवन तैयार: 540 बेड का अस्पताल, 100 MBBS सीटें, रेफरल सिस्टम होगा खत्म; 2027 में हैंडओवर की तैयारी - Sirsa News

Published on 16 अग॰ 2026

सिरसा शहर में मिनी बाईपास पर बन रहे मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में चल रहा है। इस समय बिल्डिंग का कार्य जोरों पर हैं और निर्माण एजेंसियां और कारीगर दिन-रात शिफ्टों में लाइटों की रोशनी में काम करते हैं।

.

बिल्डिंग का पांच से सात मंजिला ढांचा तैयार होने के बाद लिपाई और अंदर की दीवार बनाने के साथ-साथ फर्श के लिए मार्बल पत्थर लगाने का काम भी शुरू हो गया है। इस साल के अंत तक निर्माण कार्य पूरा किया जाना है।

अस्पताल की सात मंजिला बिल्डिंग।

अस्पताल की सात मंजिला बिल्डिंग।

सात मंजिला बिल्डिंग बनकर तैयार

जानकारी के अनुसार, अगले साल 2027 में यह मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग सरकार को हैंडओवर की जानी है। इसके बाद सरकार की ओर से डॉक्टर एवं स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही लोगों को हेल्थ सुविधाएं मिल पाएगी। मेडिकल कॉलेज का खास अस्पताल भवन का काम और तेजी पर हैं।

वरना एक साल पहले अस्पताल बिल्डिंग का दो-दो मंजिला स्ट्रचर ही बन पाया था, लेकिन आज सात मंजिला बिल्डिंग बनकर तैयार है।

रेफरल सिस्टम हो सकेगा खत्म

बिल्डिंग के अंदर फर्श पर लगने वाले मारबल पत्थर की कटाई शुरू है और जल्द ही अस्पताल परिसर में पानी निकासी के लिए पाइप लाइन दबाना शुरू होगी। इसके लिए सभी सामान लाकर रखा गया है। इसकी लोगों में खुशी है और रेफरल सिस्टम खत्म हो सकेगा।

वहीं, सिरसा के सिविल अस्पताल में जगह का काफी अभाव है और डॉक्टर भी पर्याप्त नहीं है। ऐसे में मरीजों को पर्याप्त हेल्थ सुविधाएं नहीं मिल पाती।

एरिया में पहला मेडिकल कॉलेज

सिरसा और आसपास एरिया में यह पहला मेडिकल कॉलेज होगा। जिले के सीमावर्ती इलाका राजस्थान और पंजाब क्षेत्र में नजदीकी में कोई मेडिकल कॉलेज नहीं है। सिरसा से गंभीर हालत में अधिकांश मरीज हिसार, रोहतक या पंजाब के बठिंडा में रेफर कर दिए जाते हैं। डबवाली क्षेत्र में हेल्थ सुविधाओं की बहुत भारी कमी है।

खासकर डॉक्टर ही नहीं है। डबवाली अस्पताल में आने वाले काफी मरीज इलाज के लिए सीधा बठिंडा जाते हैं।

मेडिकल कॉलेज में अस्पताल के लिए बन रही सात मंजिला बिल्डिंग।

मेडिकल कॉलेज में अस्पताल के लिए बन रही सात मंजिला बिल्डिंग।

कच्चा रास्ता बारिश में बेहाल

मेडिकल कॉलेज में अस्पताल और टीचिंग ब्लॉक सहित सभी निर्माण कार्य जोरों पर है, लेकिन अस्पताल परिसर में अंदर का कोई रास्ता नहीं बनाया गया है। सभी रास्ते कच्चे हैं, जिससे बारिश के मौसम में बेहाल हो जाता है और इस रास्ते पर कीचड़ से गुजर पाना भी मुश्किल हो जाता है।

मिनी बाईपास से दिखाई देते हुए मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग।

मिनी बाईपास से दिखाई देते हुए मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग।

राष्ट्रपति ने रखी थी आधारशिला

यह मेडिकल कॉलेज सीडीएलयू के नजदीक हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की साढ़े 26 एकड़ भूमि में बन रहा है। हालांकि, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुरुक्षेत्र में वर्चुअल माध्यम से सिरसा के मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी थी। इसकी मॉनटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कर रहे हैं।

शुरू में सरकार ने सिरसा मेडिकल कॉलेज के लिए 325 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था। साल 2021-22 में बजट 500 करोड़ रुपए कर दिया गया। अब इस मेडिकल कॉलेज का बजट एक हजार करोड़ को पार जाने के आसार है।

पाइप लाइन और फर्श के लिए रखा गया मारबल पत्थर।

पाइप लाइन और फर्श के लिए रखा गया मारबल पत्थर।

100 MBBS सीटें, 540 बेड का अस्पताल

यह मेडिकल कॉलेज करीब 540 बेड का अस्पताल बनेगा और एमबीबीएस की करीब 100 सीटें होंगी। इसमें मेडिकल स्टडी करने वाले स्टूडेंट के लिए 200 से 300 की क्षमता के हॉस्टल भी बनाए गए हैं। सिरसा रेलवे स्टेशन की दूरी मात्र 2.6 किलोमीटर और बस स्टैंड की दूरी 1.9 किलोमीटर है। हॉस्टल ब्लॉक में रसोई, जिम, योग कक्ष, वाचनालय बनाया जाएगा।

यहां अस्पताल में नाइट शेल्टर, गेस्ट हाऊस, रिहायशी क्षेत्र, ऑडिटोरियम, बिजलीघर, जलघर, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, मॉडर्न किचन, शॉपिंग काम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। पूरा परिसर सीसीटीवी की नजरों में रहेगा।

मेडिकल कॉलेज का काम एक साल पहले इस तरह चल रहा था और आज बिल्डिंग खड़ी की।

मेडिकल कॉलेज का काम एक साल पहले इस तरह चल रहा था और आज बिल्डिंग खड़ी की।

सिरसा के नेताओं में मची श्रेय लेने की होड़

मेडिकल कॉलेज के बनवाने के पीछे सिरसा के नेताओं में श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। कभी कांडा परिवार की ओर से मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए प्रयासरत रहने का दावा किया जाता है, तो कभी सिरसा विधायक गोकुल सेतिया कांडा परिवार द्वारा इसका श्रेय लेने पर सियासी कटाक्ष करते हैं।

इस मेडिकल कॉलेज का सबसे पहले 18 मई 2021 को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक औपचारिक प्रस्ताव तैयार किया गया था। इससे पहले 17 दिसंबर 2020 को जमीन चयन को लेकर सिरसा में स्वास्थ्य विभाग के आला अफसरों की एक टीम पहुंची थी।

साल 2015 में सिरसा में मेडिकल कॉलेज खोलने का ऐलान पूर्व सीएम मनोहर लाल ने किया था। साल 2020-21 के बजट में मेडिकल कॉलेज का एजेंडा शामिल करने पर पक्की मुहर लगी।