जमशेदपुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सभी ने गमछे से बांध रखा था चेहरा चांडिल में अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बस स्टैंड के पास रहने वाले पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में शुक्रवार रात करीब एक बजे 7-8 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस गए। बदमाशों ने बंदूक और धारदार हथियार के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और घर में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए। सभी बदमाश चेहरे पर गमछा बांधे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अभी पीड़ित परिवार की ओर से किसी तरह की लिखित जानकारी नहीं दी गई है कि कितने के जेवरात और कैश की लूट की गई है। सुरेश चौधरी के पुत्र उमंग चौधरी के मुताबिक लगभग 50 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपए के सोने और चांदी के जेवरात और कैश लेकर डकैत फरार हुए हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी घर का सामान देखने के बाद ही सही ढंग से बता सकते हैं कि कितने की डकैती हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक टीम गठित की गई है।
पिस्टल-चाकू व पेचकस लेकर आए थे बदमाश सुरेश चौधरी के पुत्र अमन चौधरी ने बताया कि हम लोग घर के अंदर सोए हुए थे। रात को 1 से 2:50 के बीच में करीबन 8 लोग घर में घुसे। उनके पास कंट्री मेड पिस्टल, ग्रेडेड ब्लेड नाइफ और पेचकश तथा अन्य कुछ औजार थे। उन्होंने सबसे पहले मेरे माता-पिता को बंधक बनाया, फिर मुझे बंधक बनाने की कोशिश की। मेरी उनसे हाथापाई भी हुई। मैंने चार लोगों को दबोच भी लिया था, लेकिन फिर एक पांचवें व्यक्ति ने मेरे सिर पर पिस्टल रख दी। सिर पर हमला किया और डरा-धमकाकर चाबी ले ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घर में रखे पुराने जेवरात और नकदी लूटकर ले गए। डकैत लगभग आधे घंटे तक घर में रहे। बंद कारोबार के पुराने जेवरात को बनाया निशाना सुरेश चौधरी पहले चांडिल बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते थे। कुछ वर्ष पहले उन्होंने दुकान बंद कर दी थी, लेकिन पुराने सोने-चांदी के जेवरात घर में रखे हुए थे। बदमाश उन्हीं आभूषणों को लूटकर ले गए। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को घर में जेवरात रखे होने की जानकारी पहले से थी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इधर, पलामू में पुलिसकर्मी के घर 10 लाख रु. की डकैती उंटारी रोड. सतबहिनी गांव में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने पुलिसकर्मी के घर डकैती की। करीब 10 नकाबपोश अपराधी दरवाजा तोड़कर घर में घुसे। परिवारवालों को बंधक बनाकर 10 लाख रुपए के जेवरात और कीमती सामान लूट ले गए। पुलिसकर्मी विशाल शर्मा ने इस संबंध में केस दर्ज कराया है। इसके मुताबिक परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे अपराधी पीछे के दरवाजे से घर में घुसे। परिवार को अपने कब्जे में लिया। घर में रखे जेवरात और अन्य सामान समेट लिया। फिर भाग निकले।
.