Vegetable Plants To Grow In August: बारिश का मौसम आते ही मिट्टी में अलग ही जान आ जाती है. ऐसे में बरसात का मौसम पौधे उगाने के लिए सबसे बढ़िया माना जाता है. अगर आपको भी पेड़-पौधों का शौक है और आप अपनी बालकनी या छत पर सब्जियों, फूल और फलों के पौधे उगाना चाहते हैं, तो अगस्त का महीना सबसे बेस्ट है. अगस्त के महीने में घर पर सब्जियां उगाने के लिए काफी अच्छा हो सकता है. इसके लिए आपके पास बड़ा गार्डन होना भी जरूरी नहीं है. बालकनी, छत या घर के किसी छोटे से हिस्से में गमले और ग्रो बैग की मदद से आप अपना किचन गार्डन तैयार कर सकते हैं.
हालांकि, अगस्त में लगातार बारिश और उमस के कारण हर सब्जी आसानी से नहीं उगती. इसलिए ऐसी सब्जियों का चुनाव करना जरूरी है जो नमी और गर्म मौसम को सहन कर सकें. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भिंडी, मूली, लेट्यूस, बीन्स, बैंगन, जुकीनी, लौकी जैसी सब्जियां और टमाटर अगस्त में घर पर उगाए जा सकते हैं. चलिए जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन सी सब्जियां शामिल हैं.
1. भिंडी: भिंडी ऐसी सब्जी है जिसे घर पर उगाना काफी आसान माना जाता है. अगर आपके पास धूप वाली जगह है तो आप इसे गमले में भी लगा सकते हैं. इसके लिए मिट्टी में अच्छी तरह से ऑर्गेनिक खाद मिलाएं और बीज करीब आधा इंच गहराई में बोएं. पौधे को रोजाना करीब 5-6 घंटे धूप मिलनी चाहिए. मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें, लेकिन पानी जमा न होने दें. अगर पौधे की सही देखभाल की जाए तो करीब 45-50 दिनों में भिंडी के पौधे उग सकते हैं.
सम्बंधित ख़बरें
2. मूली: मूली भी अगस्त में उगाने के लिए बिल्कुल परफेक्ट है. इसके पौधे को घर पर उगाने के लिए बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती है. गमले या ग्रो बैग में भी मूली का पौधा लगाया जा सकता है. मूली के लिए मिट्टी भुरभुरी और ऐसी होनी चाहिए कि उसमें से पानी की अच्छे से निकल पाए. बीज करीब आधा इंच गहराई में बोना अच्छा रहता है और पौधों के बीच थोड़ी दूरी रखें. अगस्त में लगाई गई मूली लगभग 30 दिनों में तैयार हो सकती है.
3. लेट्यूस: अगर आपको सलाद में लेट्यूस खाना पसंद है तो इसे घर पर उगाना भी ट्राई कर सकते हैं. इसके लिए नरम, उपजाऊ और ऐसी मिट्टी चाहिए होती है, जिसमें पानी अच्छे से निकल सकता है. लेट्यूस के बीजों को बहुत ज्यादा गहराई में न दबाएं. पौधे को करीब 4-6 घंटे धूप दें. बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा ध्यान पानी पर दें, क्योंकि जरूरत से ज्यादा पानी पौधे को नुकसान पहुंचा सकता है. जब पत्तियां करीब 4-6 इंच की हो जाएं तो उन्हें कैंची से काटकर इस्तेमाल किया जा सकता है.

4. बीन्स: बीन्स भी अगस्त में घर पर लगाने के लिए एक अच्छा ऑप्शन है. इसे सीधे गमले या ग्रो बैग में बीज से उगाया जा सकता है. इसके लिए मिट्टी पोषक तत्वों से भरपूर और अच्छी ड्रेनेज वाली होनी चाहिए. बीन्स के पौधे को करीब 6 घंटे धूप देना अच्छा रहता है. इसके बीजों को करीब 1 इंच गहराई में बोया जाता है. बीज बोने के बाद इसे नियमित रूप से पानी दें. अच्छी देखभाल के बाद करीब 40-50 दिनों में बीन्स की फलियां तैयार हो सकती हैं.
5. बैंगन: बैंगन खाने में तो खूब इस्तेमाल होता है. इसे घर पर उगाना भी मुश्किल नहीं है. इसके लिए ऐसी मिट्टी चुनें जिसमें पानी आसानी से निकल सके. बीज करीब चौथाई इंच गहराई में लगाएं और पौधों के बीच जरूरी जगह रखें. बैंगन के पौधे को करीब 5-6 घंटे की धूप चाहिए होती है. जब बैंगन की स्किन चमकदार दिखाई देने लगे तो उसे तोड़कर इस्तेमाल किया जा सकता है.
6. जुकीनी: अगर आप अपने किचन गार्डन में कुछ अलग उगाना चाहते हैं तो जुकीनी अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इसे उगाने के लिए उपजाऊ मिट्टी और अच्छी जगह की जरूरत होती है. बीज करीब 1 इंच गहराई में लगाना होता है और पौधों के बीच लगभग 2 फीट की दूरी रखें. इसे रेगुलर पानी दें और अच्छी धूप की जरूरत होती है. पौधे की अच्छी ग्रोथ होने पर करीब 50-70 दिनों में जुकीनी की फसल मिल सकती है.

7. लौकी समेत उगाएं गॉर्ड फैमिली की सब्जियां: लौकी, कद्दू और करेला जैसी सब्जियां भी घर के किचन गार्डन में लगाई जा सकती हैं. इन पौधों को बढ़ने के लिए थोड़ी ज्यादा जगह चाहिए, इसलिए इन्हें छत, बालकनी या ऐसी जगह लगाएं जहां बेल फैल सके.
इनके लिए ऑर्गेनिक खाद वाली और अच्छी ड्रेनेज वाली मिट्टी चाहिए होती है. बीज करीब 1-2 इंच गहराई में लगाएं. पौधे को 5-7 घंटे तक धूप मिले तो अच्छा रहता है. बेलों को फैलने के लिए पूरी जगह और सहारा देना भी जरूरी है.
8. टमाटर: शायद ही ऐसा हो कि किसी भारतीय घर में टमाटर न आते हों. अच्छी बात ये है कि इसे घर पर भी उगाया जा सकता है. शुरुआत में बीजों को छोटे गमले में लगाएं और मिट्टी में नमी बनाए रखें.
बीज अंकुरित होने तक बहुत ज्यादा पानी देने की जरूरत नहीं होती. जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए तो उसे ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप मिले. करीब 6-8 हफ्ते बाद पौधे को बड़े गमले या बाहर की जगह में लगाया जा सकता है. सही देखभाल मिलने पर कुछ समय बाद पौधे पर लाल-लाल टमाटर नजर आने लगेंगे.
---- समाप्त ----