Assam Floods: मानसून का महीना देश के कई राज्यों के लिए मुसीबत लेकर आता है. इस बार भी जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल तक और असम से लेकर गुजरात तक भारी बारिश ने जमकर जताई मचाई है. असम समेत कई राज्यों में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई है. असम, केरल, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में भी में मानसून का कहर जारी रहा. जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है.
- हजारों लोग बेघर हो गए और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं. इस बार आई बाढ़ में असम में मरने वालों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है. जबकि केरल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में छह लोगों की मौत हुई है. ओडिशा में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है. हीराकुंड बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ने से निचले इलाकों के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई है.
WATCH | Sivasagar, Assam: A local Rajen Pradhan said, "Our home is located near Dikhow river... What the devastating flood came on July 19 we never seen it earlier in my life... This flood has destroyed all, washed away our cows. Selling cow milk is our only income source... We… pic.twitter.com/msTsoGbgqC
— ANI (@ANI) August 2, 2026
असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 82 हुई
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, शुक्रवार को बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 82 हो गई. हालांकि कुछ इलाकों में पानी का स्तर कम हुआ है, लेकिन राज्य भर में लगभग 1.93 लाख लोग अभी भी प्रभावित हैं और बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और पुनर्वास के काम जारी हैं.
केरल में छह लोगों की मौत
उधर दक्षिण भारतीय राज्य केरल में भारी बारिश का दौर जारी है; मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने बताया कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में राज्य में अब तक छह लोगों की मौत हो गई है और छह अन्य लापता हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, कई एजेंसियों, जन प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों की मदद से खोज और बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं. राज्य सरकार ने 65 राहत शिविर खोले हैं जिनमें 1,465 लोगों को आश्रय दिया गया है.
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण 17 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जबकि 127 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है. हालांकि कुछ प्रभावित इलाकों में बारिश कम हुई है, लेकिन बचाव अभियान जारी हैं. उधर कोझिकोड के अनाक्कम्पोयिल में 35 घंटों के दौरान 340 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि वायनाड के मेप्पाडी में इसी अवधि में 177 मिमी बारिश हुई.
ओडिशा में हाई अलर्ट: 8 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
वहीं दूसरी ओर इस मानसून में ओडिशा में बाढ़ का बहुत बुरा दौर चल रहा है, जिससे 20 जिलों में 8.34 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं. महानदी के उफान और सालंदी, ब्राह्मणी, बैतरणी, जलका और बुढ़ाबलंग नदियों के ओवरफ्लो होने से निचले इलाकों में पानी भर गया है, बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और खेती की बड़ी जमीन प्रभावित हुई है. उत्तरी ओडिशा में 1,300 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं; भद्रक सबसे ज़्यादा प्रभावित जिला है, इसके बाद जाजपुर, बालासोर और मयूरभंज में नुकसान हुआ है.
हाई अलर्ट पर ओडिशा के 10 जिले
अधिकारियों ने महानदी के निचले इलाकों में पड़ने वाले 10 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है क्योंकि हीराकुंड बांध के 22 गेटों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है. स्पेशल रिलीफ कमिश्नर राजेश प्रभाकर पाटिल ने बताया कि अलर्ट वाले जिलों में अंगुल, बौध, संबलपुर, सुबर्णपुर, नयागढ़, कटक, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा शामिल हैं, वहीं महानदी डेल्टा के संवेदनशील इलाके पर खास ध्यान दिया जा रहा है.
खबर अभी अपडेट हो रही है...