करनाल: 9 साल की मासूम से स्कूल में चाकू दिखाकर रेप, तो 17 वर्षीय किशोरी 2 साल के शोषण के बाद हुई प्रेग्नेंट - Haribhoomi

Published on 21 सित॰ 2026

पहला मामला इंद्री के ब्याना क्षेत्र का है जहां सहेली को ढूंढने सरकारी स्कूल गई 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया गया। वहीं दूसरे मामले में शहर थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी से बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है।

School Rape News

करनाल में बच्ची और किशोरी से दुष्कर्म किया गया।

  • Published: 21 Sep 2026, 05:20 PM IST
  • Last Updated: 21 Sep 2026, 05:20 PM IST

हरियाणा के करनाल जिले में एक बच्ची और किशोरी के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। पहले मामले में इंद्री इलाके के ब्याना चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ सरकारी स्कूल परिसर के भीतर चाकू का डर दिखाकर दुष्कर्म किया गया।

वहीं दूसरे मामले में करनाल सिटी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के साथ दो साल तक गलत काम किए जाने और उसके गर्भवती होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत कड़ी धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

सहेली को ढूंढने स्कूल गई 9 साल की बच्ची से चाकू की नोक पर हैवानियत 
मासूम की मां ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर की रात करीब 8 बजे उसकी 9 साल की छोटी बहन रोती हुई घर लौटी। बच्ची ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपनी सहेलियों को तलाशने के लिए गांव के ही राजकीय विद्यालय में गई थी। वहां आरोपी पहले से ही घात लगाए मौजूद था।

आरोपी ने बच्ची को अकेला पाकर चाकू दिखाया, मुंह दबा दिया और चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपी की तलाश में जुटी ब्याना चौकी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर ब्याना पुलिस चौकी में तैनात पीएसआई (PSI) मोहित ने तत्परता दिखाते हुए कागजी प्रक्रिया शुरू की और शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए इंद्री थाने भिजवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

17 वर्षीय नातिन को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा
दूसरा सनसनीखेज मामला करनाल शहर थाना क्षेत्र से सामने आया है। शिकायतकर्ता नाना ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी के देहांत के बाद उसकी 17 वर्षीय नातिन उनके साथ करनाल में ही रह रही थी। करीब दो वर्ष पूर्व युवक किशोरी को अपने झांसे में लेकर बहला-फुसलाकर साथ रखने लगा। परिजनों के बार-बार मना करने के बावजूद आरोपी उससे लगातार संपर्क में रहा और उसके साथ यौन शोषण करता रहा।

गलत ट्रेन पकड़ने से खुली पोल, अलवर पुलिस व जयपुर आश्रम से करनाल पहुंची किशोरी
शिकायतकर्ता के अनुसार 18 सितंबर को उन्हें सेक्टर-4 स्थित बाल कल्याण समिति (CWC) कार्यालय से बुलावा आया। वहां पहुंचने पर पता चला कि उनकी नातिन अपने पिता से मिलने हल्द्वानी जा रही थी, लेकिन गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हो गई। राजस्थान के अलवर में पुलिस ने उसे सुरक्षित पाकर जयपुर के एक बाल आश्रम में ठहराया, जहां से उसे करनाल लाया गया। जांच के दौरान जब मेडिकल परीक्षण हुआ तो किशोरी के गर्भवती होने की बात सामने आई।

दोनों मामलों में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई जारी
परिजन कुंदन लाल की शिकायत पर करनाल शहर थाने में तैनात पीएसआई सुमनलता ने कार्रवाई करते हुए 19 सितंबर को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच जारी है और जुटाए गए सबूतों व पीड़िता के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे।