90 रन पर आधी टीम ढेर होने के बावजूद श्रीलंका ने कैसे किया पलटवार? टीम इंडिया से हुई ये 3 बड़ी गलतियां

Published on 17 अग॰ 2026

90 रन पर आधी टीम ढेर होने के बावजूद श्रीलंका ने कैसे किया पलटवार? टीम इंडिया से हुई ये 3 बड़ी गलतियां

कैसे विकेट मिलेगा? (PC-PTI)

India vs Sri Lanka: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट में तीसरे दिन टीम इंडिया फ्रंटफुट से अचानक बैकफुट पर आ गई. तीसरे दिन के खेल के पहले सेशन में भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका के 5 विकेट सिर्फ 90 रनों पर गिरा दिए लेकिन इसके बाद वो हुआ जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. श्रीलंका ने पहले सेशन में 5 विकेट गंवाए लेकिन अगले सेशन में श्रीलंका ने 116 रन बना दिए और उसने एक भी विकेट नहीं गंवाया. निरोशन डिकवेला और सोनल दिनुषा ने शतकीय साझेदारी कर श्रीलंका को कम स्कोर पर ना सिर्फ सिमटने से बचाया बल्कि उन्होंने अपनी टीम पर फॉलोऑन का खतरा भी टाल दिया. सवाल ये है कि आखिर कैसे टीम इंडिया की नाक के नीचे श्रीलंका के बल्लेबाजों ने फॉलोऑन बचा लिया. आइए आपको बताते हैं इसकी वजह.

टीम इंडिया की सबसे बड़ी गलती

टीम इंडिया की पहली और सबसे बड़ी गलती कैच ड्रॉप करना रही. ये कैच केएल राहुल ने छोड़ा. 36वें ओवर की चौथी गेंद पर केएल राहुल ने स्लिप में ये कैच टपकाया. मानव सुथार की गेंद पर बल्ले ने डिकवेला के बल्ले का किनारा लिया था लेकिन राहुल कैच लपकने में नाकाम रहे.

टीम इंडिया की दूसरी गलती

टीम इंडिया की दूसरी बड़ी गलती ये रही कि उसके गेंदबाज श्रीलंका की एक रणनीति का तोड़ ही नहीं निकाल पाए. श्रीलंका के बल्लेबाज निरोशन डिकवेला और सोनल दिनुषा ने भारतीय स्पिनर्स के खिलाफ स्वीप शॉट की रणनीति बनाई. दोनों ने अपनी बैटिंग के दौरान काफी स्वीप शॉट खेले. भारतीय गेंदबाज इससे परेशान हो गए और उन्होंने अपनी लेंग्थ बदली, नतीजा डिकवेला और सोनल को आसानी से सिंगल-डबल मिलने लगे.

टीम इंडिया की तीसरी बड़ी गलती

टीम इंडिया की तीसरी बड़ी गलती रही गेंद को समझने की नाकामी. दरअसल श्रीलंका में टेस्ट मैच कूकाबूरा गेंद से खेला जाता है. ये गेंद 25-30 ओवर के बाद ही सॉफ्ट हो जाती है जिसकी वजह से स्पिनर्स को वो स्पीड नहीं मिल पाती जो मिलनी चाहिए. भारतीय स्पिनर्स गेंद की स्पीड को नहीं बढ़ा पाए, नतीजा ये हुआ कि श्रीलंकाई बल्लेबाजों को सिंगल-डबल लेने का एक्स्ट्रा टाइम मिला.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button