माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के करीब 6 दिन बाद दुर्घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला 'लाइव वीडियो' सामने आया है। एक अन्य गाड़ी के डैशकैम में रिकॉर्ड हुए इस वीडियो में 150 किमी/घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ती क्रेटा कार एक गाड़ी को ओवरटेक करने के बाद बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराती और कई फीट हवा में उछलकर पलटती नजर आ रही है।
जांचकर्ता पड़ताल करेंगे की दुर्घटना के आखिरी कुछ सेकंड में कार की सटीक रफ्तार, ब्रेक का इस्तेमाल और स्टीयरिंग एंगल क्या था।
- Published: 12 Aug 2026, 04:53 PM IST
- Last Updated: 12 Aug 2026, 04:54 PM IST
6 अगस्त को झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे का अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो एक दूसरी कार के डैशकैम से रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में देखा जा सकता है कि सफेद रंग की क्रेटा कार अत्यधिक तेज रफ्तार में सामने चल रही गाड़ी को ओवरटेक करती है। ओवरटेक के तुरंत बाद कार अचानक मुख्य सड़क से नीचे उतरती है और अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराती है।
हवा में कई फीट उछली कार, आबान और दोस्त की मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का संतुलन पूरी तरह से बिगड़ गया और वह हवा में उछलते हुए सड़क पर पलट गई। इस भीषण हादसे में क्रेटा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गाड़ी में सवार अतीक के बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा रिश्तेदार जैद और दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
VIDEO | Jhansi, Uttar Pradesh: Dash cam visuals of the car accident in which Aban Ahmad, the youngest son of slain gangster-turned-politician Atiq Ahmad, and his friend were killed. The SUV, in which they were travelling, crashed into a divider in Jhansi district last week.… pic.twitter.com/uxYMA7D0WZ
— Press Trust of India (@PTI_News) August 12, 2026
ड्राइवर को आई थी नींद की झपकी या वजह कुछ और? सस्पेंस बरकरार
हादसे का वीडियो सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर चंद सेकंड में ऐसा क्या हुआ कि चलती कार सड़क से नीचे उतर गई? शुरुआती बयानों में घायल ड्राइवर जैद ने बताया था कि उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी। हालांकि, ऑटो एक्सपर्ट्स का कहना है कि ओवरटेक करते समय कार पूरी तरह से कंट्रोल में दिख रही थी, लेकिन बेहद हाई-स्पीड होने के कारण सड़क की नमी, अचानक स्टीयरिंग मुड़ने या कट मारने से गाड़ी बेकाबू हुई होगी।
झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहे थे सभी सवार
यह हादसा उस समय हुआ जब आबान अहमद अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ प्रयागराज से झांसी जा रहा था। वे सभी झांसी जेल में बंद अतीक के दूसरे बेटे अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। रास्ते में ही यह खौफनाक हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। हाल ही में पैरोल पर बाहर आए अतीक के बड़े बेटों की मौजूदगी में आबान को कसारी-मसारी में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक किया गया था।
पुलिस जांच में जुटी, इवेंट रिकॉर्डर और मैकेनिकल पहलुओं की होगी जांच
झांसी पुलिस ने बताया कि हादसे का वीडियो सामने आने के बाद उसकी गहनता से जांच की जा रही है। जांचकर्ता कार के मैकेनिकल पहलुओं, जैसे टायर फटने की संभावना, स्टीयरिंग/सस्पेंशन की स्थिति और कार के 'इवेंट रिकॉर्डर' के डेटा की पड़ताल करेंगे। इससे दुर्घटना के आखिरी कुछ सेकंड में कार की सटीक रफ्तार, ब्रेक का इस्तेमाल और स्टीयरिंग एंगल का सही पता चल सकेगा।