क्या है दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाला? जिसमें फंसे सत्येंद्र जैन को ACB ने किया गिरफ्तार, केजरीवाल बोले- सरकार का अंत तय

Published on 18 अग॰ 2026

क्या है दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाला? जिसमें फंसे सत्येंद्र जैन को ACB ने किया गिरफ्तार, केजरीवाल बोले- सरकार का अंत तय

दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन

दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाले में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए AAP नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं के साथ रिश्वतखोरी की गई. सत्येंद्र जैन इससे पहले भी जेल जा चुके हैं. ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) मामले में गिरफ्तार किया था. सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब वो पंजाब में पार्टी संगठन का काम देख रहे थे और उन्हें सह-प्रभारी बनाया गया है. पंजाब में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं. उनकी गिरफ्तारी पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है.

दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच ने दिल्ली जल बोर्ड के STP टेंडर में बड़े घोटाले के आरोप में जिन 6 लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें पूर्व मंत्री और वरिष्ठ IAS अधिकारी भी शामिल हैं.

क्या है दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाला?

मामला 11.05.2024 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और IPC की धाराओं में दर्ज किया गया था. शिकायत सतर्कता निदेशालय की थी. आरोप है कि दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी STP के अपग्रेडेशन के टेंडर में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं, टेंडर की शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश की गई.

ACB ने FIR नंबर 10/2024 के तहत ये 6 आरोपी पकड़े हैं:

  1. सत्येंद्र कुमार जैन – पूर्व जल मंत्री, GNCTD
  2. उदित प्रकाश राय (IAS) – पूर्व CEO, दिल्ली जल बोर्ड
  3. अंकित श्रीवास्तव – पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट, दिल्ली जल बोर्ड
  4. नागेंद्र यादव – प्रोप्राइटर, M/s AN एंटरप्राइजेज
  5. राजा कुमार कुर्रा – ओनर, M/s यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड
  6. पंकज वर्मा – प्रोप्राइटर, M/s सृजनहार

जांच में पता चला कि टेंडर में जानबूझकर ऐसी तकनीकी शर्तें रखी गईं जिससे सिर्फ एक खास कंपनी M/s यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को फायदा मिले. प्रतिस्पर्धा को खत्म किया गया। प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं कराई गई, तकनीक और मीडिया से जुड़ी प्रतिबंधात्मक शर्तें डाली गईं, और ट्रीटेड पानी के जरूरी पैरामीटर हटा दिए गए.

यह भी पढ़ें- दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में AAP नेता सत्येंद्र जैन अरेस्ट, ACB का एक्शन

जांच में क्या-क्या मिला?

वित्तीय जांच में पता चला कि कमीशन और रिश्वत का पैसा M/s सृजनहार और M/s AN एंटरप्राइजेज के जरिए घुमाया गया. यूरोटेक से जुड़ी कंपनियों से नागेंद्र यादव की फर्म में मोटी रकम आई.

आरोप है कि पूर्व CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में AN एंटरप्राइजेज के जरिए 1.52 करोड़ रुपये की रिश्वत भेजी गई. इसी पैसे से कथित तौर पर प्रॉपर्टी खरीदी गई.

इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से भी प्रतिबंधात्मक टेंडर शर्तों और करिजेंडम के आदान-प्रदान का पता चला है. ACB ने 18 अगस्त 2026 को सभी 6 आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पूरे मनी ट्रेल और अपराध से जुड़ी संपत्ति की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि इस घोटाले से सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान हुआ है.

केजरीवाल बोले- यह केस भी फर्जी साबित होगा

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, सत्येन्द्र जैन जी को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है. अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है. पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा.

आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं. इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा?

बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है. ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है. पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है.

सांसद संजय सिंह बोले- पंजाब चुनाव प्रभावित करने की साजिश

आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी पर कहा कि पंजाब चुनाव को प्रभावित करने के लिए बीजेपी ने सतेंद्र जैन को गिरफ्तार करवाया है. जैसे दिल्ली चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, मुझे गिरफ्तार करवाया था. मोदी जी और अमित शाह जी को समझ में नहीं आ रहा है इसलिए हर हथकंडे अपना रहे हैं.

BJP पंजाब का चुनाव बुरी तरह हार रही है, उसी बौखलाहट के कारण पंजाब के सहप्रभारी @SatyendarJain को 2 साल पुराने झूठे मुकदमे में गिरफ़्तार कर लिया गया है। दिल्ली चुनाव के पहले @ArvindKejriwal @msisodia @SatyendarJain जी को और मुझे गिरफ्तार किया गया था। पंजाब चुनाव के पहले pic.twitter.com/C6giJ8ipXa

— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) August 18, 2026

सिसोदिया बोले- एक और फर्जी मामला

वहीं, पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, पंजाब चुनाव से ठीक पहले पंजाब के सहप्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है. पहले भी उनको ढाई साल तक फ़र्ज़ी मामले में जेल में रखा और अब फिर… एक और फ़र्ज़ी मामला.

GenZ आंदोलन से लेकर राम मंदिर में चंदाचोरी और E20 तक के मुद्दों पर घिरी बीजेपी अब फिर से ED-ACB-CBI के पुराने चुनावी हथकंडे पर उतर आई है.

पंजाब चुनाव से ठीक पहले पंजाब के सहप्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है। पहले भी उनको ढाई साल तक फ़र्ज़ी मामले में जेल में रखा और अब फिर… एक और फ़र्ज़ी मामला।

GenZ आंदोलन से लेकर राम मंदिर में चंदाचोरी और E20 तक के मुद्दों पर घिरी बीजेपी अब फिर से ED-ACB-CBI के

— Manish Sisodia (@msisodia) August 18, 2026

आतिशी ने बीजेपी की बदले की कार्रवाई बताया

दिल्ली की पूर्व सीएम और आप नेता आतिशी ने कहा, सत्येन्द्र जैन जी की गिरफ्तारी बीजेपी की राजनीतिक बदले की कार्रवाई का एक और उदाहरण है. उन्हें पहले भी झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजा गया था और अब एक बार फिर वही कहानी दोहराई जा रही है.

सत्ता के अहंकार में बीजेपी शायद भूल गई है कि झूठ और अत्याचार की एक सीमा होती है. आज सरकारी ताकत का इस्तेमाल करके किसी को डराया जा सकता है, लेकिन सच को हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता. यह लड़ाई सिर्फ सत्येन्द्र जैन जी की नहीं है. यह उस हर व्यक्ति की लड़ाई है जो सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ खड़ा है आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है.

पुनीत कुमार शर्मा

पुनीत कुमार शर्मा

स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट ( क्राइम ) और लेखक। 11 साल से बदस्तूर जारी पत्रकारिता की शुरुआत 2010 में आजतक से बतौर क्राइम रिपोर्टर। 2015 से दिल्ली आजतक में  एंकर की ज़िम्मेदारी भी निभाई। 11 साल लगातार आजतक में रिपोर्टिंग करने के बाद फिलहाल स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट के तौर पर टी वी9 भारतवर्ष में सफ़र जारी। इसके अलावा " अनचाही रिपोर्टिंग, अनचाहा " सफ़र नाम की किताब लिखी.

Read More

google button