
मेजर ऋषभ सांब्याल ने लिया रिटायरमेंटImage Credit source: Instagram/major_rs_sambyal
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व एडीसी मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. करीब 12 साल तक भारतीय सेना में सेवा देने के बाद उन्होंने समय से पहले रिटायरमेंट ले लिया है. राष्ट्रपति के साथ आधिकारिक कार्यक्रमों में नजर आने के कारण वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे. सोशल मीडिया पर उनकी वर्दी वाली तस्वीरें और वीडियो भी खूब वायरल हुए. कई यूजर्स उन्हें नेशनल क्रश तक कहने लगे थे. आइये जानते हैं उनके बारे में.
जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक, सेना में जाने का था सपना
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले से हैं. बचपन से ही उनका सपना भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना था. इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्होंने सैन्य शिक्षा को चुना. 2013 में उन्होंने NDA एग्जाम पास किया और अगले साल 133वें NDA कोर्स के लिए चयनित होकर प्रशिक्षण शुरू किया.
2017 में उन्होंने इंटरनेशनल रिलेशंस एंड अफेयर्स में ग्रेजुएशन की डिग्री पूरी की. इसी वर्ष उन्होंने इंडियन मिलिट्री एकेडमी में एडमिशन लिया, जहां उन्होंने मिलिट्री स्टडीज और डिफेंस मैनेजमेंट का प्रशिक्षण हासिल किया.
सेना में निभाईं कई अहम जिम्मेदारियां
सैन्य सेवा के दौरान ऋषभ सिंह ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. 2021 की गणतंत्र दिवस परेड में उन्होंने जाट रेजीमेंट की टुकड़ी का नेतृत्व किया. उनकी टुकड़ी को बेस्ट मार्चिंग कॉन्टिंजेंट ट्रॉफी भी मिली. वह 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज यानी डैगर्स में भी सेवा दे चुके हैं. यहां उन्हें बलिदान बैज भी मिला.
मार्च 2023 में उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ADC के पद पर नियुक्त किया गया. इस पद पर अधिकारी राष्ट्रपति के कार्यक्रमों, प्रोटोकॉल, यात्राओं और सुरक्षा समन्वय से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालता है.
किन कारणों से लिया रिटायरमेंट?
सेना छोड़ने के बाद एक वीडियो में ऋषभ सिंह ने अपने फैसले की वजह बताई. उन्होंने कहा कि सेना की वर्दी पहनना उनका बचपन का सपना था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इसे उतारना पड़ेगा. हालांकि, पारिवारिक और निजी कारणों के चलते उन्होंने समय से पहले रिटायरमेंट लेने का फैसला किया. उनके परिवार ने भी उनके निर्णय का समर्थन किया.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More