कांग्रेस ने बदली AIPC की कमान, मधु गौड़ यास्की को मिली जिम्मेदारी; प्रवीण चक्रवर्ती की लेंगे जगह

Published on 9 सित॰ 2026

Sep 10, 2026 12:16 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को वरिष्ठ नेता मधु गौड़ यास्की को तत्काल प्रभाव से अखिल भारतीय पेशेवर कांग्रेस (AIPC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे इस पद पर प्रवीण चक्रवर्ती का स्थान लेंगे।

All India Professionals Congress

मधु गौड़ यास्की

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को वरिष्ठ नेता मधु गौड़ यास्की को तत्काल प्रभाव से अखिल भारतीय पेशेवर कांग्रेस (All India Professionals Congress - AIPC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ वे निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती का स्थान लेंगे।

पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई यह नियुक्ति तुरंत प्रभाव से लागू होगी। बयान में पार्टी ने कहा है कि पार्टी निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती के योगदान की सराहना करती है। चक्रवर्ती हाल ही में तमिलनाडु से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। पार्टी के अनुसार, राज्यसभा में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद AIPC की कमान अब मधु गौड़ यास्की को सौंपी गई है।

कौन हैं मधु गौड़ यास्की?

मधु गौड़ यास्की तेलंगाना के निजामाबाद लोकसभा क्षेत्र से दो बार सांसद रह चुके हैं। वे 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में विजयी हुए थे। वे कांग्रेस के आधिकारिक प्रवक्ता भी हैं और लंबे समय से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के प्रवक्ता तथा वरिष्ठ नेता के रूप में सक्रिय रहे हैं। पार्टी के भीतर उन्हें अनुभवी संगठनात्मक नेता माना जाता है, जो मीडिया और राजनीतिक संवाद दोनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

बता दें कि अखिल भारतीय पेशेवर कांग्रेस पार्टी की वह इकाई है, जो देश के कामकाजी पेशेवरों, उद्यमियों, विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के कुशल वर्ग को पार्टी की नीति-निर्माण प्रक्रिया तथा राजनीतिक गतिविधियों से जोड़ने का काम करती है। पार्टी का कहना है कि यह मंच उन पेशेवरों की जरूरतों, अनुभव और आकांक्षाओं पर केंद्रित है, जो सार्वजनिक जीवन में योगदान देना चाहते हैं, लेकिन पारंपरिक राजनीतिक ढांचे से सीधे जुड़े नहीं होते।

गौरतलब है कि AIPC की स्थापना 2017 में राहुल गांधी की पहल पर हुई थी। इसका उद्देश्य पेशेवर वर्ग और राजनीति के बीच बढ़ती दूरी को पाटना तथा नीति, शासन और राष्ट्र-निर्माण में विशेषज्ञों की भागीदारी बढ़ाना था। इस इकाई के पहले अध्यक्ष शशि थरूर रहे। नवंबर 2023 में प्रवीण चक्रवर्ती को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब मधु गौड़ यास्की इस श्रृंखला में तीसरे अध्यक्ष बन गए हैं।