AK-47, इंसास रायफल और गोलियां...जमीरा पहाड़ से बरामद हथियारों का नक्सल कनेक्शन
Updated: Wed, 23 Sep 2026 06:54 PM (IST)
बरामद हथियार.
2 लाख की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू की निशानदेही पर चाकुलिया के जमीरा पहाड़ से AK-47, इंसास राइफल और गोलियां बरामद हुईं. नक्सल विरोधी अभियान में अहम कामयाबी.
चाकुलिया : पश्चिम बंगाल के मिदनापुर क्षेत्र से पकड़ी गयी दो लाख की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू को लेकर कोलकाता एसटीएफ और झारखंड एवं छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम चाकुलिया पहुंची. मालती की निशानदेही पर चाकुलिया की बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत अंतर्गत जोभी गांव के समीप जमीरा पहाड़ से एक एके-47, एक इंसास राइफल, 210 गोलियां और कई मैगजीन बरामद की गयीं. पुलिस के अनुसार बरामदगी के बाद इसे नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
मालती को लेकर जोभी पहुंची थी पुलिस टीम
मालती मुर्मू को लेकर पुलिस और कोबरा जवानों की टीम जोभी गांव पहुंची थी. वहां से टीम पैदल जमीरा पहाड़ की ओर गयी. पहाड़ी इलाके में मालती की निशानदेही पर हथियारों की तलाश की गयी. इसके बाद पुलिस को हथियार और कारतूस बरामद हुए. बताया गया कि बरामद एके-47 के साथ 125 गोलियां, जबकि इंसास राइफल के साथ 85 गोलियां मिली हैं. इसके अलावा कई मैगजीन भी बरामद की गयी हैं.
पति मंगल के साथ नक्सली संगठन में सक्रिय थी मालती
मालती मुर्मू माओवादी एरिया कमेटी की सदस्य रही है. झारखंड पुलिस ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. बताया जाता है कि उसका पति मंगल महतो उर्फ समीर भी नक्सली संगठन में सक्रिय रहा है. मंगल एके-47 और मालती इंसास राइफल लेकर चलती थी. पुलिस के अनुसार, दोनों पहले पोलित ब्यूरो सदस्य और लालगढ़ आंदोलन के अगुवा कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के बॉडीगार्ड रहे थे. वर्ष 2011 में मुठभेड़ में किशनजी के मारे जाने के बाद दोनों बंगाल स्टेट कमेटी के सचिव असीम मंडल के बॉडीगार्ड बन गये थे.
असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद खुली कड़ी
बताया गया कि असीम मंडल के जंगल से बाहर निकलने के बाद मंगल और मालती जमीरा पहाड़ इलाके में हथियार छिपाकर संगठन से बाहर निकल गये थे. इसके बाद दोनों पश्चिम बंगाल में अपने एक संबंधी के यहां छिपकर रह रहे थे. संगठन में रहते हुए दोनों ने कॉमरेड मैरिज की थी. असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की पूछताछ में मंगल और मालती के ठिकानों के संबंध में जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है. इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश तेज की. हालांकि, चर्चा यह भी है कि मंगल और मालती ने आत्मसमर्पण किया है. इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Tags
