Amit Shah Punjab Visit: बटाला के माड़ी पन्नुआं पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, विक्रमजीत के परिवार से मिलेंगे

Published on 20 अक्टू॰ 2026

12:41 PM, 20-Oct-2026

गृहमंत्री पंजाब पहुंचे

माड़ी पन्नुआं में सुरक्षा कड़ी - फोटो : PTI

गृहमंत्री अमित शाह बटाला के गांव माड़ी पन्नुआं पहुंच गए हैं। वे विक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात करेंगे। 

12:26 PM, 20-Oct-2026

सुरक्षा के कड़े प्रबंध

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे पर डीजीपी एमएफ फारूकी ने कहा कि हमने सुरक्षा के बहुत व्यापक इंतजाम किए हैं। यहां सुरक्षा के पूरे प्रबंध हैं। पर्याप्त संख्या में जवानों को तैनात किया गया है। लगभग 1200-1300 जवानों को तैनात किया गया है।

विज्ञापन

12:17 PM, 20-Oct-2026

जांच सीबीआई को साैंपने पर विपक्ष हमलावर

झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई को साैंपने पर रवनीत बिट्टू ने कहा कि अभी तो गृहमंत्री दिल्ली से पंजाब आने के लिए चले भी नहीं थे, मुख्यमंत्री ने खुद ही सीबीआई जांच की मांग कर ली। जिनसे मुख्यमंत्री डरता/दबता हो, सोचिए वे नशा बेचने वालों का क्या हाल करेंगे। पंजाब इस बार भाजपा को मौका जरूर देगा।

जाखड़ बोले-जनाक्रोश के आगे झुकी सरकार 
पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब सरकार को आखिरकार जनाक्रोश के आगे झुकते हुए परविंदर सिंह झोटा की हत्या की जांच सीबीआई को सौंपने के लिए मजबूर होना पड़ा है। लेकिन यह सिर्फ एक मामला नहीं है। पंजाब में आप सरकार के संरक्षण में ऐसे अनेक मामले हुए हैं, जहां नशा तस्करों ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर लोगों की हत्या की है या उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया है।

पंजाब दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध है कि अब जब सीबीआई जांच शुरू हो, तो इसे व्यापक दायरे में और तय समयसीमा के भीतर पूरा करके इसके पीछे के पूरे ताने-बाने को उजागर किया जाए, ताकि पीड़ितों को पूर्ण न्याय मिल सके।

11:28 AM, 20-Oct-2026

अमन अरोड़ा ने अमित शाह से पूछे चार सवाल

अमित शाह के दाैरे पर आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है। आप पंजाब के प्रधान और मंत्री अमन अरोड़ा ने अमित शाह से चार सवाल किए हैं। 
1. पंजाब में 543 किलोमीटर लंबा अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर है जिसके 50 किलोमीटर के दायरे को बीएसएफ देखती है। केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर नशा रोकने में नाकाम क्यों रही है?
2. गुजरात जहां लंबे समय से भाजपा की सरकार है के मुंद्रा पोर्ट से 3000 किलोग्राम तक हीरोइन पकड़ी जाती है उस बारे में अमित शाह क्या कहेंगे?
3. पंजाब में चिट्टा शब्द पहली बार 2007 के आसपास सुना गया था, जिस समय भाजपा अकाली दल के साथ मिलकर पंजाब में सरकार चला रही थी उस समय बीजेपी क्यों चुप रही?
4. पंजाब पर किंतु-परंतु करने वाले अमित शाह यह बताएं कि भाजपा शासित राज्य महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान आदि में कानून और न्याय व्यवस्था की क्या हालत है? क्यों हरियाणा गैंगस्टरों की नर्सरी बना हुआ है?

10:59 AM, 20-Oct-2026

सियासत गरमाई

शाह के पंजाब दौरे को लेकर आम आदमी पार्टी काफी आक्रामक दिख रही है। आप नेताओं ने शाह के समक्ष भाजपा शासित प्रदेशों में नशा तस्करी, गैंगस्टरवाद और फिरौती से जुड़े मामलों पर सवाल खड़े करते हुए जवाब मांगा है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अपने राज्यों में शाह से कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है और वे पंजाब में ज्ञान बांटने जा रहे हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि देश के सबसे बड़े गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को संरक्षण दिया जा रहा है।

10:24 AM, 20-Oct-2026

झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई के हवाले

अमित शाह के दाैरे से कुछ घंटे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मानसा में मारे गए नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर झोटा के मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने का एलान किया है। 

विज्ञापन

विज्ञापन

10:18 AM, 20-Oct-2026

30 सितंबर को आएंगे थे जालंधर

शाह 30 सितंबर को जालंधर में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन समारोह को संबोधित करने आए थे। 20 दिन के भीतर यह शाह का दूसरा पंजाब दौरा है।

10:16 AM, 20-Oct-2026

सबसे पहले जाएंगे बटाला

गृहमंत्री दोपहर सवा 12 बजे बटाला के माड़ी पन्नवां जाएंगे और विक्रमजीत सिंह के परिवार से मिलेंगे। इसके बाद वे संगरूर के तूरबंजारा जाएंगे और गुलजार सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे। फिर शाह मानसा में परविंदर झोटा के परिवार से मिलेंगे। शाम को वे लुधियाना में दशहरा समारोह में हिस्सा लेंगे।

10:11 AM, 20-Oct-2026

Amit Shah Punjab Visit: बटाला के माड़ी पन्नुआं पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, विक्रमजीत के परिवार से मिलेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंजाब दाैरे पर हैं। शाह पंजाब में नशा पीड़ित परिवारों से मिलेंगे।