अमिताभ बच्चन अयोध्या में पिता हरिवंश राय बच्चन की याद में 20 से अधिक कमरों वाली धर्मशाला बनवाने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक जमीन की कीमत करीब ₹15 करोड़ है।
Amitabh Bachchan: बिग बी का अयोध्या में खास प्रोजेक्ट, ₹15 करोड़ की प्रॉपर्टी पर पिता की याद में बनवाएंगे धर्मशाला।
- Published: 16 Sep 2026, 03:22 PM IST
- Last Updated: 16 Sep 2026, 03:22 PM IST
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अयोध्या को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बी अयोध्या में अपने पिता और मशहूर हिंदी कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में एक धर्मशाला बनवाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रस्तावित धर्मशाला में 20 से अधिक कमरे होने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह धर्मशाला अयोध्या के दशरथ पथ स्थित द सरयू प्रोजेक्ट में अमिताभ बच्चन द्वारा खरीदी गई करीब ₹15 करोड़ की जमीन पर बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट के लिए बिल्डिंग मैप की मंजूरी लेने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
धर्मशाला के लिए ADA में दिया गया आवेदन
रिपोर्ट के अनुसार, धर्मशाला के निर्माण के लिए भवन मानचित्र की स्वीकृति को लेकर अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) में आवेदन जमा किया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राधिकरण ने प्रस्तावित लेआउट को लेकर सार्वजनिक नोटिस जारी किया है।
इस नोटिस के जरिए प्रस्तावित निर्माण को लेकर लोगों से 15 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने और सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भवन मानचित्र को मंजूरी दी जाएगी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद धर्मशाला का निर्माण अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है।
20 से ज्यादा कमरों की होगी धर्मशाला
अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने भी इस संबंध में आवेदन मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन की ओर से 20 से अधिक कमरों वाली धर्मशाला के निर्माण के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद लेआउट को मंजूरी दी जाएगी। प्रस्तावित धर्मशाला का उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराना भी बताया गया है।
पिता हरिवंश राय बच्चन की याद में होगा निर्माण
अमिताभ बच्चन के पिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य के बेहद प्रसिद्ध कवि और अनुवादक थे। उनकी रचनाओं ने हिंदी कविता को एक अलग पहचान दिलाई। उनकी सबसे चर्चित कृतियों में ‘मधुशाला’ शामिल है, जो वर्ष 1935 में प्रकाशित हुई थी। हरिवंश राय बच्चन ने विलियम शेक्सपियर के कई नाटकों का हिंदी में अनुवाद भी किया था। साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
ऐसे में पिता की स्मृति में अयोध्या में धर्मशाला का निर्माण अमिताभ बच्चन की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
तेजी बच्चन भी थीं कला और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ीं
अमिताभ बच्चन की मां तेजी बच्चन भी सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी रही थीं। वह सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ थिएटर कलाकार भी थीं। इसके अलावा वह फिल्म फाइनेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की निदेशक के पद पर भी रह चुकी थीं।
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को होस्ट कर रहे हैं अमिताभ
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को होस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह नाग अश्विन की साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ प्रभास और कमल हासन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।