फेस्टिव सीजन की छुट्टियों में अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको थोड़ा महंगा पड़ सकता है. तेल कंपनियों ने हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले जेट फ्यूल के दाम में 13 फीसदी से ज्यादा का इजाफा कर दिया है. एयरलाइन को चलाने में सबसे ज्यादा खर्च फ्यूल का ही होता है. ऐसे में कंपनियों की ओर से एयर फेयर बढ़ा दिया जाता है. इस बार भी कुछ ऐसे ही हालात देखने को मिल रहे हैं. वहीं दूसरी ओर कंपनियों की ओर कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा किया है. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं देखा गया है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर तेल कंपनियों की की ओर से जेट फ्यूल की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी की है.
कितना महंगा हुआ जेट फ्यूल
इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में इजाफा होने की वजह से सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, गुरुवार से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में 16 रुपए प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की गई. तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमतें 121 रुपये से बढ़ाकर 137 रुपये प्रति लीटर कर दी गईं. यह ताजा बदलाव सितंबर में ATF की कीमतों में 6.28 रुपए प्रति लीटर (या 5.46 प्रतिशत) की बढ़ोतरी और अगस्त में 5 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद हुआ है. इसका मतलब है कि जेट फ्यूल की कीमतों में लगातार तीन महीनों में 27 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा यानी करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है. एयरलाइंस के ऑपरेटिंग खर्च में ATF का हिस्सा 40 प्रतिशत तक होता है, जिससे फ्यूल की कीमतें एयरलाइंस के लिए खर्च का एक अहम कारण बन जाती हैं.
कमर्शियल गैस सिलेंडर भी हुआ महंगा
इसके साथ ही, कमर्शियल LPG की दरों में 19-किलो के सिलेंडर पर 62.59 रुपये की बढ़ोतरी की गई. अगस्त में 192 रुपये और जुलाई में 183.50 रुपये की लगातार दो महीने की कटौती के बाद, सितंबर में कमर्शियल LPG की कीमतों में 19-किलो के सिलेंडर पर 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. ये कटौतियां तब की गई थीं जब ग्लोबल एनर्जी सप्लाई में रुकावट और इंटरनेशनल कीमतों में बढ़ोतरी के कारण जून में कमर्शियल LPG की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थीं. जुलाई और अगस्त में गिरावट से पहले, फरवरी और जून के बीच कमर्शियल LPG की कीमतें 19-किलो के सिलेंडर पर 1,373 रुपये बढ़कर 1,740.50 रुपये से 3,113.50 रुपये हो गई थीं.
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव नहीं
ये ताजा बदलाव इंटरनेशनल बेंचमार्क कीमतों और रुपये-डॉलर एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव पर आधारित हैं. ATF और LPG की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को बदलाव किया जाता है और VAT जैसे लोकल टैक्स के कारण अलग-अलग राज्यों में कीमतें अलग-अलग हो सकती हैं. घरों में इस्तेमाल होने वाली घरेलू LPG की कीमतें 14.2-किलो के सिलेंडर पर 942 रुपये पर बिना किसी बदलाव के रखी गईं. वेस्ट एशिया संकट के कारण सप्लाई में रुकावट और इंटरनेशनल एनर्जी कीमतों में बढ़ोतरी के बाद मार्च और जून के बीच घरेलू कुकिंग गैस की दरों में प्रति सिलेंडर 89 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें, जिन्हें मई में प्रति लीटर लगभग 7.50 रुपये बढ़ाया गया था, उनमें भी कोई बदलाव नहीं हुआ.

सौरभ शर्मा
2008 से शेयर मार्केट, इकोनॉमी और कमोडिटी कवर कर रहे हैं. टीवी9 के साथ जुड़ने से पहले डीएनए, एशियानेट, जनसत्ता, दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका जैसे कई बड़े संस्थानों के साथ भी जुड़े रहे.
Read More