Ayodhya Ram Mandir Recruitment: अयोध्या राम मंदिर में निकली CEO पद पर वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

Published on 14 जुल॰ 2026

अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह पद मंदिर के प्रशासन, वित्त, सुरक्षा और धार्मिक व्यवस्थाओं के संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ट्रस्ट ने आवेदन की प्रक्रिया, योग्यता, एज लिमिट और जिम्मेदारियों से जुड़ी सभी शर्तें जारी कर दी हैं. इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई 2026 शाम 4 बजे तक ईमेल के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं. इस पद के लिए केवल योग्य और अनुभवी उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. साथ ही यह भी अनिवार्य किया गया है कि आवेदक हिंदू, वैष्णव परंपरा का अनुयायी और भगवान श्रीराम का भक्त हो.

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सीईओ पद के लिए न्यूनतम एजुकेशनल क्वालिफिकेशन ग्रेजुएट निर्धारित की है. उम्मीदवार के पास किसी बड़े संस्थान, संगठन, सरकारी विभाग या कंपनी में कम से कम 20 वर्ष का प्रबंधकीय अनुभव होना चाहिए. प्रशासन, वित्त, लेखा, मानव संसाधन, जनसंपर्क, सूचना प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और विधिक कार्यों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.

इन्हें मिलेगी प्राथमिकता

हिंदू धार्मिक संस्थाओं या मंदिर प्रबंधन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. रिटायर अधिकारी भी आवेदन करने के एलिजिबल हैं, अगर उनके पास आवश्यक अनुभव और नेतृत्व क्षमता है. हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं की अच्छी नॉलेज होना जरूरी होगा. आवेदन 18 जुलाई 2026 शाम 4 बजे तक ईमेल [email protected] पर भेजे जा सकते हैं.

एज लिमिट और सैलरी?

कैंडिडेट की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चयनित सीईओ की नियुक्ति शुरुआती तौर पर तीन वर्ष के लिए होगी. अगर कार्य संतोषजनक पाया गया तो कार्यकाल आगे भी बढ़ाया जा सकता है. सैलरी और अन्य सुविधाएं उम्मीदवार तथा ट्रस्ट के बीच आपसी सहमति से तय की जाएंगी.

क्या होंगी जिम्मेदारियां?

सीईओ ट्रस्ट के महासचिव के प्रति जवाबदेह होगा और उनके निर्देशन में कार्य करेगा. उसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना, वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखना, कर्मचारियों का संचालन, सुरक्षा एजेंसियों से समन्वय करना, धार्मिक अनुष्ठानों का सुचारु संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना, मंदिर की प्रतिष्ठा बढ़ाना, संपत्तियों की सुरक्षा करना तथा ट्रस्ट के उद्देश्यों के अनुरूप योजनाओं को लागू करना शामिल होगा. इसके अलावा संस्था के सभी प्रशासनिक, वित्तीय और वैधानिक कार्यों की निगरानी भी सीईओ की जिम्मेदारी होगी.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button