मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को संभागायुक्त धनंजय सिंह अचानक मझौली तहसील के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
.
पौंडा गांव के शासकीय स्कूल में वे छात्र बनकर बेंच पर बैठे और शिक्षक से पढ़ाई की स्थिति जानी। निरीक्षण में अध्यापन कार्य अपेक्षित स्तर का नहीं मिलने पर उन्होंने शिक्षकों की क्लास ली। साथ ही संबंधित बीईओ और बीआरसी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्कूल में पढ़ाई का स्तर जांचा, करियर काउंसलिंग पर चर्चा
संभागायुक्त ने स्कूली बच्चों से संवाद कर रोजाना होने वाली पढ़ाई की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के करियर काउंसलिंग के संबंध में भी चर्चा की। निरीक्षण के दौरान पढ़ाई का स्तर अपेक्षित नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।

स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे कमश्निर।
सहकारी संस्था में खाद वितरण का सत्यापन करने को कहा
संभागायुक्त ने पौंडा स्थित सहकारी संस्था में खाद वितरण की जानकारी ली। उन्होंने संयुक्त आयुक्त सहकारिता को खाद वितरण का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा
संभागायुक्त ने पौड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर चिकित्सकीय स्टाफ और मरीजों से बातचीत की। उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, एएनसी पंजीयन और मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति की जानकारी ली। भर्ती मरीजों से उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी पूछा।
उन्होंने ओपीडी पंजी का निरीक्षण कर टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना और प्रसूति सहायता योजना के प्रकरणों की जानकारी ली। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाओं की सतत उपलब्धता और एएनसी पंजीयन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी का निरीक्षण करते हुए कमिश्नर।
आंगनवाड़ी की मॉनिटरिंग में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
संभागायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, वजन, खेलकूद और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। केंद्र के संचालन की समुचित मॉनिटरिंग नहीं किए जाने पर संबंधित सीडीपीओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
गौशाला और नलजल योजना का भी निरीक्षण
संभागायुक्त ने पौंडा स्थित गौशाला का निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद जल जीवन मिशन के तहत गांव की एकल नलजल योजना के कार्यों की जानकारी ली। योजना का काम समयसीमा में पूरा नहीं करने और समुचित मॉनिटरिंग नहीं किए जाने पर सहायक यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से पेयजल, खाद और राशन की उपलब्धता जानी
भ्रमण के दौरान संभागायुक्त ने ग्रामीणों से संवाद कर पेयजल, खाद और राशन की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़ी सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।