सस्ते फोन में भी मक्खन की तरह चलेगा BGMI गेम, आ रहा Lite वर्जन

Published on 17 अग॰ 2026

बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया यानी बीजीएमआई खेलने वाले यूजर्स के लिए बड़ी खबर है. क्राफ्टन इंडिया ने भारत में बीजीएमआई लाइट लाने की पुष्टि कर दी है. इसका मकसद ऐसे यूजर्स को बेहतर गेमिंग अनुभव देना हो सकता है, जिनके पास बजट या पुराने स्मार्टफोन हैं. हालांकि कंपनी ने अभी लॉन्च की सटीक तारीख, डाउनलोड साइज, फीचर्स और सिस्टम रिक्वायरमेंट्स का खुलासा नहीं किया है. गेम के बारे में ज्यादा जानकारी लॉन्च के करीब सामने आने की उम्मीद है.

बीजीएमआई लाइट की लॉन्च डेट ?

क्राफ्टन इंडिया ने पुष्टि की है कि बीजीएमआई लाइट भारत में जल्द आने वाला है, लेकिन कंपनी ने अभी इसकी सटीक लॉन्च डेट नहीं बताई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक गेम के 2026 के अंत तक भारत में आने की उम्मीद है. कंपनी लॉन्च के करीब गेम से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा कर सकती है. फिलहाल डाउनलोड साइज, सपोर्टेड डिवाइस, ग्राफिक्स सेटिंग्स, गेम मोड और न्यूनतम रैम जैसी जरूरी जानकारियां सामने नहीं आई हैं. इसलिए इन फीचर्स को लेकर अभी किसी आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा.

कम रैम वाले फोन के लिए हो सकता है फायदेमंद

बीजीएमआई का मौजूदा वर्जन स्मूद गेमप्ले के लिए अपेक्षाकृत बेहतर हार्डवेयर वाले फोन की जरूरत रखता है. ऐसे में पुराने या एंट्री-लेवल स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को परेशानी हो सकती है. बीजीएमआई लाइट इसी अंतर को कम करने के लिए हल्का वर्जन हो सकता है, जो कम क्षमता वाले फोन पर बेहतर तरीके से चल सके. कम रैम, कम स्टोरेज या सीमित प्रोसेसिंग क्षमता वाले स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ी लंबे समय से ऐसे हल्के वर्जन की मांग करते रहे हैं.

PUBG मोबाइल लाइट से मिल सकता है अंदाजा

बीजीएमआई लाइट के फीचर्स अभी सामने नहीं आए हैं, लेकिन क्राफ्टन के पुराने गेम PUBG मोबाइल लाइट से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हल्का वर्जन कैसा हो सकता है. PUBG मोबाइल लाइट जुलाई 2019 में बजट और एंट्री-लेवल एंड्रॉयड फोन के लिए लॉन्च हुआ था. यह 2GB से कम रैम वाले फोन के लिए बनाया गया था और इसका साइज करीब 400MB था. इसमें छोटे मैप और 60 प्लेयर्स का सपोर्ट था, जबकि सामान्य गेम में 100 प्लेयर्स होते थे. मैच भी करीब 10 मिनट के होते थे, जबकि फुल वर्जन में करीब 25 मिनट लगते थे.

BGMI लाइट के सिस्टम रिक्वायरमेंट्स अभी सीक्रेट

क्राफ्टन ने बीजीएमआई लाइट की आधिकारिक सिस्टम रिक्वायरमेंट्स अभी जारी नहीं की हैं. तुलना के लिए, सामान्य बीजीएमआई को कम से कम 2GB रैम की जरूरत होती है, जबकि बेहतर अनुभव के लिए 4GB या 6GB रैम की सलाह दी जाती है. गेम के लिए करीब 2GB से 5GB तक खाली स्टोरेज के साथ एंट्री-लेवल प्रोसेसर और जीपीयू की जरूरत होती है. बीजीएमआई लाइट की हार्डवेयर जरूरतें इससे कम होने की उम्मीद है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

फीचर्स और डाउनलोड साइज पर अभी सस्पेंस

फिलहाल क्राफ्टन ने बीजीएमआई लाइट के गेमप्ले, मैप, गेम मोड, ग्राफिक्स, खिलाड़ियों की संख्या, डाउनलोड साइज और डिवाइस कम्पैटिबिलिटी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. PUBG मोबाइल लाइट की तरह इसमें छोटा इंस्टॉलेशन साइज, कम ग्राफिक्स जरूरत और ज्यादा सरल गेमप्ले देखने को मिल सकता है, लेकिन ये सिर्फ संभावनाएं हैं. खिलाड़ियों को इन जानकारियों के लिए क्राफ्टन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा. कंपनी लॉन्च के करीब बीजीएमआई लाइट से जुड़ी बाकी जानकारी सामने ला सकती है.

ये भी पढ़ें: Jio का 200 दिन वाला प्लान: रोज 2.5GB डेटा, 5G और Gemini का फ्री सब्सक्रिप्शन

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button