भोपाल में गणेश विसर्जन को लेकर नगर निगम ने सात घाटों पर 174 गोताखोरों की तैनाती की है। बड़े और छोटे तालाब में NGT के निर्देशों के कारण विसर्जन प्रतिबंधित है। प्रेमपुरा, खटलापुरा, हथाईखेड़ा, बैरागढ़ और मलिकखेड़ी समेत निर्धारित घाटों पर रोशनी, पानी, सफाई, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
174 गोताखोर संभालेंगे मोर्चा, 7 घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
- Published: 22 Sep 2026, 10:53 AM IST
- Last Updated: 22 Sep 2026, 10:53 AM IST
भोपाल: गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भोपाल नगर निगम ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सात प्रमुख विसर्जन घाटों पर नगर निगम ने कुल 174 गोताखोरों की तैनाती की है। इनमें हर शिफ्ट में 58 गोताखोर ड्यूटी पर रहेंगे। पुलिसकर्मी भी इनके साथ तैनात रहेंगे, ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना होने पर तुरंत मदद मिल सके।
नगर निगम के मुताबिक प्रत्येक घाट पर करीब 10 गोताखोरों की टीम आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में काम करेगी। नगर सीमा से बाहर आने वाले पुलिस थानों ने भी निगम से गोताखोरों की मांग की है। इटखेड़ी थाना क्षेत्र के लिए 10 गोताखोर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
पिछले साल 30 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन
BMC के अनुसार पिछले साल शहर में करीब 30 हजार से ज्यादा गणेश प्रतिमाओं का 15 घंटे के भीतर विसर्जन किया गया था। इस दौरान फूल, कपड़े और अन्य सामग्री मिलाकर 50 टन से ज्यादा कचरा निकला था। इसे अलग-अलग कर ट्रांसफर स्टेशनों तक भेजा गया। फूल और मालाओं का इस्तेमाल बाद में अगरबत्ती बनाने में किया गया।
इस साल विसर्जन से निकलने वाली सामग्री में 10 से 15 टन तक बढ़ोतरी का अनुमान है। नगर निगम ने इसके लिए सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी बढ़ाई है।
बड़े तालाबों में विसर्जन पर पूरी तरह रोक
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशों के बाद भोपाल के बड़े तालाब और छोटे तालाब में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन प्रतिबंधित है। निगम ने विसर्जन के लिए प्रेमपुरा, खटलापुरा, हथाईखेड़ा डैम, आर्च ब्रिज, बैरागढ़ और मलिकखेड़ी समेत निर्धारित स्थानों पर व्यवस्था की है। पिछले साल निगम ने 33 अस्थायी विसर्जन कुंड भी बनाए थे।
BMC कमिश्नर संस्कृति जैन ने सभी अधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, पीने का पानी, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डोल ग्यारस के दौरान छोटी प्रतिमाओं के सम्मानजनक संग्रह और विसर्जन की व्यवस्था के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
डोल ग्यारस जुलूस के कारण ट्रैफिक डायवर्जन
मंगलवार को डोल ग्यारस का जुलूस निकलने के कारण शहर में दोपहर 1 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। जुलूस चौक बाजार से शुरू होकर लखेरापुरा, भवानी मंदिर, पीरगेट, सैफिया कॉलेज रोड, इमामबाड़ा चौकी, जनकपुरी पानी की टंकी, जुमेराती गेट, इब्राहिमपुरा, सुल्तानिया रोड, बुधवारा, तलैया काली मंदिर, लिली टॉकीज और PHQ तिराहे से होते हुए खटलापुरा मंदिर के पास पहुंचेगा।
जुलूस की स्थिति के अनुसार पीरगेट, इमामबाड़ा चौकी, जुमेराती गेट, तलैया काली मंदिर और खटलापुरा क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। भारत टॉकीज से न्यू मार्केट जाने वाले वाहनों को पुल बोगदा, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और एमपी नगर होकर भेजा जाएगा। भारी वाहनों के लिए लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस और डीबी मॉल वाले वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।