Bihar Weather Today: 25 जिलों में बारिश और ठनका का येलो अलर्ट, पटना समेत अन्य शहरों का जानें हाल - Haribhoomi

Published on 31 जुल॰ 2026

बिहार में मानसून की सक्रियता के बीच आज मुजफ्फरपुर, चंपारण समेत 25 जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जानिए अपने जिले का हाल।

Bihar Weather 31 July 2026

Bihar Weather 31 July 2026

  • Published: 31 Jul 2026, 12:12 PM IST
  • Last Updated: 31 Jul 2026, 12:12 PM IST

Bihar Weather 31 July 2026: बिहार में इस समय मानसून की सक्रियता बनी हुई है, जिसके चलते राज्य के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। आज राज्य के कुछ जिलों में झमाझम बारिश के आसार हैं, तो वहीं कुछ इलाकों में नमी के साथ उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण समेत कुल 25 जिलों में हल्के, मध्यम और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन तमाम जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में जारी किया गया बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज जिन जिलों में बारिश और वज्रपात (ठनका) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, कैमूर (भभुआ), मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज तो कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हवा के साथ होगी। कई स्थानों पर वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के एसएमएस अलर्ट पर नजर रखते हुए अपनी खेती-किसानी से जुड़े काम करें।

राजधानी पटना में हल्की बारिश के आसार, पिछले 24 घंटे का हाल
राजधानी पटना सहित करीब चार-पांच जिलों में गुरुवार को रुक-रुककर हुई बारिश की वजह से मौसम काफी सुहाना बना रहा। पटना के अलावा गया, भागलपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, फारबिसगंज, डेहरी, मोतिहारी, पूसा (समस्तीपुर), अरवल, मुंगेर और जहानाबाद में भी वर्षा दर्ज की गई। अकेले राजधानी पटना में गुरुवार को 9.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत सभी जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और आंशिक बारिश के आसार हैं। आज अररिया, बांका, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, भभुआ और पश्चिमी चंपारण जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा उत्तर और दक्षिण बिहार के कई इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

कटिहार में सबसे ज्यादा बारिश, तापमान में आई गिरावट
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश कटिहार के मनिहारी में 45.4 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा कटिहार के कोरहा में 42.2 मिमी, अमदाबाद में 32.4 मिमी, नवादा के अकबरपुर में 31.8 मिमी, मुंगेर के बरियारपुर में 31.2 मिमी, कटिहार में 30 मिमी, मुंगेर में 26.2 मिमी, मानसी में 25.8 मिमी, खगड़िया के परबत्ता में 22.4 मिमी, गया के वजीरगंज में 21.2 मिमी और बांका के बौसी में 20.7 मिमी वर्षा हुई।

रोहतास के नोखा में 18.6 मिमी, मुंगेर के जमालपुर और मोहनिया में 17.8-17.8 मिमी, पटना के घोसवारी में 16 मिमी, लखीसराय के चानन में 15.2 मिमी, रोहतास के इंद्रपुरी में 14.8 मिमी और अररिया में 14.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

इस बारिश के चलते पटना समेत बाकी जिलों के अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है।

प्रमुख शहरों का तापमान (अधिकतम और न्यूनतम)
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:

  • पटना: अधिकतम तापमान 32.9°C और न्यूनतम तापमान 27.4°C दर्ज किया गया।
  • गया: अधिकतम तापमान 33.6°C और न्यूनतम तापमान 26.0°C रहा।
  • भागलपुर: अधिकतम तापमान 33.2°C और न्यूनतम तापमान 26.5°C दर्ज हुआ।
  • मुजफ्फरपुर: अधिकतम तापमान 30.8°C और न्यूनतम तापमान 27.6°C रहा।

वहीं दूसरी ओर, पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस भभुआ, वाल्मीकि नगर और छपरा में दर्ज किया गया है। दक्षिण बिहार के जिलों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।