शहीद दिवस : कोलकाता में हाई वोल्टेज ड्रामा, देर रात रैली स्थल पर डंटी रहीं ममता, BJP पर पोस्टर-बैनर फाड़ने का आरोप

Published on 21 जुल॰ 2026

Image

कोलकाता में 21 जुलाई को शहीद दिवस कार्यक्रम।

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में मंगलवार को आयोजित होने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शहीद दिवस कार्यक्रम से पहले हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। सोमवार रात बिड़ला प्लैटोरियम के सामने कार्यक्रम स्थल पर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी से जुड़े लोगों ने रात के अंधेरे में सभा के मंच पर तोड़फोड़ की, बिजली की लाइनें काट दीं और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। आरोपों के बाद ममता बनर्जी खुद पूरी रात कार्यक्रम स्थल पर डटी रहीं। बता दें कि पश्चिम बंगाल में हर साल 21 जुलाई को 'शहीद दिवस' मनाया जाता है। यह दिन 21 जुलाई 1993 को कोलकाता में पुलिस फायरिंग में मारे गए 13 युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की याद में मनाया जाता है।

रैली में शामिल होने से रोका जा रहा -ममता

रैली स्थल ममता बनर्जी ने कहा कि हमारे समर्थकों को रैली में शामिल होने से रोका जा रहा है। ममता ने आरोप लगाया कि पुलिस शहीदों के परिवारों को डरा-धमका रही है और उन्हें कार्यक्रम में न आने की चेतावनी दे रही है। उन्होंने कहा कि हर जगह हमारे मंच तोड़े जा रहे हैं; बिजली और माइक्रोफोन के कनेक्शन काट दिए गए, और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए गए। इसके बाद, अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेन के साथ उन्होंने पूरी रात मंच की निगरानी की।

दो अलग-अलग कार्यक्रम

आज शहीद दिवस के मौके पर कोलकाता में दो अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ममता बनर्जी की मुख्य सभा बिड़ला प्लैटोरियम के सामने होगी, जबकि ऋतब्रत गुट के नेता मेयो रोड पर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। कलकत्ता हाई कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी है। सुबह से ही बड़ी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे और अंतिम तैयारियां तेज कर दी गईं। पूरे घटनाक्रम ने शहीद दिवस से पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है।

दो घंटे के भोजन अवकाश की घोषणा

पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथिंद्र बोस ने मंगलवार को सदन में दो घंटे के भोजन अवकाश की घोषणा की, ताकि तृणमूल कांग्रेस के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुट के विधायक 21 जुलाई को अपने-अपने 'शहीद दिवस’ कार्यक्रमों में शामिल हो सकें। ममता बनर्जी नीत गुट के विधायक शोभन चट्टोपाध्याय और प्रतिद्वंद्वी खेमे में शामिल ऋतब्रत बनर्जी ने विधानसभा अध्यक्ष से सदन की कार्यवाही स्थगित करने का अनुरोध किया था, ताकि विधायक अपने-अपने गुट के कार्यक्रमों में शामिल हो सकें।

अपनी अलग रैली करेगा ऋतब्रत का खेमा

हालांकि, शुरू में बोस सदन की कार्यवाही स्थगित करने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अनुरोध पर वह मंगलवार को भोजन अवकाश की अ‍वधि बढ़ाने के लिए सहमत हो गए। बोस ने कहा कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे से दो घंटे के लिए सदन में भोजन अवकाश रहेगा। ऋतब्रत के नेतृत्व वाला खेमा जहां मेयो रोड पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास अपनी रैली का आयोजन करेगा।

Alok Rao

आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article