Published: Saturday, October 3, 2026, 8:05 [IST]
Bollywood Paparazzi: एक समय था जब किसी बॉलीवुड स्टार की नई तस्वीर देखने के लिए लोगों को फिल्मी मैगजीन के अगले अंक का इंतजार करना पड़ता था। किसी हीरो की शूटिंग की तस्वीर, किसी एक्ट्रेस का नया फोटोशूट या किसी स्टार कपल की शादी की खबर, सब कुछ प्रिंट होकर पाठकों तक पहुंचता था। तस्वीरें सीमित थीं लेकिन उनकी कीमत और उत्सुकता दोनों बहुत ज्यादा थी।
सोशल मीडिया ने पूरा खेल ही बदल दिया
फिर कैमरे छोटे हुए, इंटरनेट आया और एंटरटेनमेंट वेबसाइट्स ने फिल्मी दुनिया की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद सोशल मीडिया ने पूरा खेल ही बदल दिया। अब किसी स्टार को एयरपोर्ट पर देखा गया हो, जिम से निकलते हुए कैमरे में कैद किया गया हो, किसी रेस्तरां में डिनर करते हुए स्पॉट किया गया हो या सिर्फ कार से उतरते हुए नजर आया हो, कुछ ही मिनटों में उसकी तस्वीरें और वीडियोज लाखों लोगों की स्क्रीन पर पहुंच सकते हैं।
बॉलीवुड पैपाराजी ने बनाया डिजीटल कंटेंट बिजनेस
यही बदलाव बॉलीवुड पैपाराजी को एक साधारण फोटोग्राफी जॉब से निकालकर एक बड़े डिजीटल कंटेंट बिजनेस में ले गया है। आज एक तस्वीर सिर्फ तस्वीर नहीं है। वह खबर है, सोशल मीडिया कंटेंट है, ब्रांडिंग है, फैशन स्टेटमेंट है और कई बार फिल्म प्रमोशन का हिस्सा भी है।
1970 और 80 के दशक में शुरू हुई थी स्टार्स की 'अंदर की दुनिया'
-भारत में स्टार कल्चर नया नहीं है लेकिन बॉलीवुड की निजी और ग्लैमरस दुनिया को आम दर्शकों तक पहुंचाने में फिल्मी मैगजीन की भूमिका बेहद अहम रही। 1970 के दशक में 'Stardust' जैसी मैगजीन ने सितारों की जिंदगी को सिर्फ फिल्मों और रिलीज डेट तक सीमित नहीं रखा। स्टार्स की निजी जिंदगी, रिश्ते, पार्टियां, विवाद और स्टूडियो के अंदर की कहानियां भी मनोरंजन का हिस्सा बनने लगीं।
-उस दौर में तस्वीर हासिल करना आज की तरह आसान नहीं था। कैमरे महंगे थे, तस्वीरें फिल्म रोल पर आती थीं और उन्हें डेवलप कराने में समय लगता था। किसी स्टार की एक्सक्लूसिव तस्वीर मिल जाना किसी मैगजीन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता था। ऐसे में उस समय तस्वीर की वैल्यू उसकी कमी में थी। आज जहां एक स्टार की एक ही शाम की सैकड़ों तस्वीरें इंटरनेट पर मिल सकती हैं, वहीं उस दौर में एक खास तस्वीर पूरे मैगजीन कवर की पहचान बन सकती थी।
2000 के दशक में आया असली बदलाव
-बॉलीवुड पैपाराजी कल्चर का आधुनिक रूप 2000 के दशक में तेजी से उभरना शुरू हुआ। डिजीटल कैमरों ने फोटोग्राफी को आसान बनाया और एंटरटेनमेंट वेबसाइट्स को लगातार नए कंटेंट की जरूरत पड़ने लगी।
-फिल्मी सितारों की तस्वीरें अब सिर्फ मैगजीन के लिए नहीं, वेबसाइट्स के लिए भी जरूरी थीं। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक डिजीटल मीडिया के बढ़ने के साथ SantaBanta, GlamSham और IndiaGlitz जैसी वेबसाइट्स को बॉलीवुड सेलेब्रिटी फोटोग्राफ्स की जरूरत बढ़ी। इसी दौर में Manav Manglani, Viral Bhayani, Varinder Chawla और Yogen Shah जैसे नाम इस दुनिया में प्रमुखता से सामने आए।
-उस वक्त एक पैपारीजी के लिए स्टार तक पहुंचना आसान काम नहीं था। घंटों इंतजार करना, स्टूडियो के बाहर खड़े रहना, एक जगह से दूसरी जगह भागना और सही समय पर सही तस्वीर लेना इस काम का हिस्सा था। कई फोटोग्राफर्स के लिए एक एक्सक्लूसिव शॉट कई दिनों की मेहनत का नतीजा होता था।
फिर आया सोशल मीडिया और बदल गई तस्वीर की कीमत
-अगर पैपाराजी कल्चर के इतिहास में एक बड़ा टर्निंग प्वाइंट चुनना हो, तो वह सोशल मीडिया का विस्फोट है। फेसबुक, यूट्यूब और खासकर इंस्टाग्राम ने तस्वीर को सिर्फ खबर नहीं रहने दिया। अब तस्वीर खुद एक कंटेंट प्रोडक्ट बन गई है।
-एक स्टार एयरपोर्ट से निकलता है। फोटोग्राफर उसकी कुछ तस्वीरें लेता है। कुछ मिनटों बाद वही तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट होती है। फिर एंटरटेनमेंट पोर्टल उस तस्वीर से स्टोरी बनाते हैं। फैन पेज उसे दोबारा पोस्ट करते हैं। यूट्यूब चैनल उस पर वीडियो बना देते हैं। फिर वही तस्वीर मीम, रील और शॉर्ट वीडियो का हिस्सा बन जाती है। एक कैमरा क्लिक से कंटेंट की पूरी चेन तैयार हो जाती है।
-यही वजह है कि आज पैपाराजी का काम केवल 'फोटो खींचना' नहीं रह गया है। उन्हें ये भी समझना होता है कि कौन-सा शॉट सोशल मीडिया पर ज्यादा चलेगा, किस स्टार का वीडियो ज्यादा एंगेजमेंट ला सकता है और किस वक्त पोस्ट करने से ज्यादा व्यूज मिल सकते हैं।

एयरपोर्ट कैसे बन गया बॉलीवुड का 'रैंप'?
-कुछ साल पहले तक एयरपोर्ट का मतलब था यात्रा। अब मुंबई का एयरपोर्ट सेलेब्रिटी कंटेंट की सबसे चर्चित जगहों में शामिल हो चुका है। किस स्टार ने क्या पहना? किसने किस ब्रांड का बैग कैरी किया? किसका चश्मा कितना महंगा है? किसका कैजुअल लुक ज्यादा स्टाइलिश है? किस स्टार ने किसे गले लगाया? इन छोटी-छोटी चीजों से अलग-अलग खबरें बनती हैं। यही वजह है कि 'Airport Look' अपने आप में एक कंटेंट कैटेगरी बन चुका है।
-साल 2025 में लेखिका Shobhaa De ने एक बातचीत में एयरपोर्ट पैपाराजी कल्चर को इमेज-बिल्डिंग और कॉमर्स से जोड़ते हुए दावा किया था कि कई मौकों पर पैपाराजी को स्टार्स की तस्वीरें लेने के लिए बुलाया भी जाता है। ये दावा इस बात की ओर इशारा करता है कि हर सेलेब्रिटी तस्वीर को पूरी तरह आकस्मिक मानना हमेशा सही नहीं होता।
-हालांकि इसका मतलब ये नहीं कि हर एयरपोर्ट स्पॉटिंग पहले से तय होती है। पैपाराजी और फोटोग्राफर्स की रिपोर्टिंग के मुताबिक कई बार उन्हें टिप मिलती है, कई बार वह खुद लोकेशन ट्रैक करते हैं और कई बार अचानक स्टार सामने आ जाता है। ऐसे में आज की पैपाराजी दुनिया में 'कैंडिड' और 'मैनेज्ड' के बीच की सीमा कई बार धुंधली हो सकती है।
असली पैसा सिर्फ फोटो बेचने से नहीं आता
-यहीं से पैपाराजी की कहानी एक बड़े बिजनेस मॉडल में बदलती है। साल 2026 में इंडिया टूडे की रिपोर्ट में मुंबई के पैपाराजी से बातचीत के आधार पर बताया गया था कि ये काम अब केवल तस्वीरें बेचने तक सीमित नहीं है। बड़े फोटोग्राफर और पैपाराजी प्लेटफॉर्म सोशल मीडिया प्रमोशन, ब्रांड इंटीग्रेशन, पीआर और फिल्म प्रमोशन से भी जुड़े हुए हैं।
-कुछ टीमों में फोटोग्राफर्स के साथ वीडियोग्राफर्स और सोशल मीडिया मैनेजर्स भी काम करते हैं। मतलब कैमरे के पीछे अब सिर्फ एक व्यक्ति नहीं है बल्कि पूरी टीम हो सकती है। एक स्टार की तस्वीर इंस्टाग्राम पर आती है। उसी पेज पर ब्रांड प्रमोशन भी हो सकता है। किसी फिल्म के ट्रेलर या गाने के आसपास कंटेंट बनाया जा सकता है। किसी इवेंट की कवरेज हो सकती है। इस तरह पैपाराजी पेज खुद एक डिजीटल मीडिया प्लेटफॉर्म बन गए हैं।
'कौन स्टार है' से ज्यादा जरूरी हो गया 'किसे लोग देखना चाहते हैं'
-पैपाराजी इकोनॉमी का एक और बड़ा बदलाव ये है कि अब सिर्फ सुपरस्टार ही कंटेंट की गारंटी नहीं हैं। अगर किसी कम चर्चित चेहरे की वीडियो पर ज्यादा कमेंट, शेयर और व्यूज आ रहे हैं तो वह कंटेंट पैपाराजी पेज के लिए ज्यादा मूल्यवान हो सकता है।
-2026 की एक रिपोर्ट में भी इस बदलाव को रेखांकित किया गया कि आज पैपाराजी बिजनेस केवल स्टारडम से नहीं बल्कि एंगेजमेंट से संचालित होता है। Urfi Javed और Orry जैसे नाम इस बदली हुई सेलेब्रिटी इकोनॉमी के उदाहरण हैं, जहां सोशल मीडिया की जिज्ञासा और वायरल होने की संभावना ने उनकी विजीबिलिटी को लगातार बढ़ाया है। पहले सवाल था- 'ये कितना बड़ा स्टार है?' और अब सवाल है- 'लोग इसे देखने के लिए कितनी देर रुकेंगे?'
एक वायरल वीडियो कैसे बनता है खबर का हिस्सा?
-आज पैपाराजी वीडियो का जीवन कुछ सेकंड से शुरू होकर कई दिनों तक चल सकता है। मान लीजिए किसी स्टार ने एयरपोर्ट पर कोई नया लुक अपनाया। पहले पैपाराजी वीडियो पोस्ट करेगा। फिर वेबसाइट लिखेगी-'एक्टर का नया एयरपोर्ट लुक वायरल'। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स कपड़े के ब्रांड की चर्चा करेंगे। फैशन पेज उस लुक का विश्लेषण करेंगे। फैन क्लब वीडियो एडिट करेंगे।
-इस बीच अगर स्टार ने किसी दूसरे सेलिब्रिटी के साथ बातचीत कर ली तो कहानी और बड़ी हो सकती है। ऐसे में पैपाराजी कैमरा सिर्फ घटना रिकॉर्ड नहीं करता बल्कि उस घटना को डिजीटल बातचीत में बदलने की शुरुआत भी कर सकता है।
पैपाराजी अब खुद सेलेब्रिटी हैं
-एक वक्त था जब तस्वीर खींचने वाला फोटोग्राफर पर्दे के पीछे रहता था। आज कई पैपाराजी के खुद लाखों फॉलोअर्स हैं। इंडियन एक्सप्रेस की साल 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक बड़े पैपाराजी नामों ने अपनी-अपनी सोशल मीडिया ऑडियंस बनाई है और कई फोटोग्राफर अब टीम मैनेज करते हैं, जिसमें फोटोग्राफर्स, वीडियोग्राफर्स और सोशल मीडिया से जुड़े लोग शामिल हैं। इस बदलाव ने शक्ति का समीकरण भी बदला है।
-पहले स्टार के पास पहुंचना बड़ी बात थी। आज पैपाराजी प्लेटफॉर्म के पास भी अपनी ऑडियंस है। स्टार को पब्लिसिटी चाहिए और पैपाराजी को ऐसा कंटेंट चाहिए जिसे लोग देखना चाहें। दोनों की जरूरतें एक-दूसरे से जुड़ गई हैं।

हर तस्वीर की कीमत सिर्फ पैसे में नहीं होती
-इस पूरी इंडस्ट्री का दूसरा पहलू प्राइवेसी भी है। एक सेलेब्रिटी जब सार्वजनिक जगह पर होता है तो उसे कैमरों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन जिम से निकलते वक्त, परिवार के साथ निजी समय में या बच्चों के साथ तस्वीरें लिए जाने को लेकर अक्सर बहस होती रही है।
-साल 2026 में पैपाराजी Yogen Shah और Viral Bhayani ने भी अपने काम को लेकर बताया कि उनकी दिनचर्या अनिश्चित होती है और इसमें लगातार लोकेशन ट्रैक करना, इंतजार करना और तेज गति से काम करना शामिल है। साथ ही सेलेब्रिटी की सीमाओं और सम्मान को लेकर भी पैपाराजी कल्चर में चर्चा बढ़ी है। कैमरे के सामने जितना ग्लैमर है, कैमरे के पीछे उतनी ही मेहनत और नैतिक चुनौतियां भी हैं।
फिल्म प्रमोशन से लेकर 'कैंडिड मोमेंट' तक
-आज बॉलीवुड में पैपाराजी और फिल्म प्रमोशन का रिश्ता भी काफी मजबूत हो चुका है। किसी फिल्म का ट्रेलर आने वाला हो तो स्टार की एयरपोर्ट तस्वीरें अचानक खबर बन सकती हैं। रिलीज से पहले स्टार का जिम लुक, रेस्तरां स्पॉटिंग या इवेंट अपीयरेंस सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी बातचीत बढ़ा सकता है।
-2026 की रिपोर्टिंग में पैपाराजी से बातचीत के आधार पर फिल्म प्रमोशन को भी इस डिजीटल इकोसिस्टम की एक कमाई वाली धारा के रूप में बताया गया है। इसलिए आज स्टार की तस्वीर कभी सिर्फ तस्वीर नहीं होती। उसके पीछे फिल्म, फैशन, ब्रांड और सोशल मीडिया, चारों की अर्थव्यवस्था जुड़ी हो सकती है।
मैगजीन के कवर से Instagram Reel तक का सफर
अगर पिछले पांच दशक की इस पूरी यात्रा को एक लाइन में समझें तो कहानी कुछ ऐसी है-
1. फिल्म मैगजीन ने स्टार की निजी दुनिया को घर तक पहुंचाया।
2. डिजिटल कैमरे ने तस्वीर को तेज किया।
3. एंटरटेनमेंट वेबसाइट्स ने उसे रोज की खबर बना दिया।
4. पैपाराजी ने स्टार स्पॉटिंग को एक पेशा बनाया।
5. इंस्टाग्राम ने तस्वीर को तत्काल वायरल होने वाला कंटेंट बना दिया।
6. Reels ने उसे सेकंड्स में करोड़ों स्क्रीन तक पहुंचने की क्षमता दे दी।
पहले एक तस्वीर के लिए मैगजीन खरीदनी पड़ती थी। आज वही तस्वीर फोन की स्क्रीन पर बिना किसी कीमत के सामने आ जाती है लेकिन उसके पीछे का पूरा सिस्टम- फोटोग्राफर, वीडियो टीम, सोशल मीडिया, पीआर, ब्रांड और फिल्म प्रमोशन, पहले से कहीं ज्यादा बड़ा हो चुका है।
अब स्टारडम सिर्फ फिल्मों से तय नहीं होता
-बॉलीवुड में स्टार बनने का रास्ता भी बदल गया है। पहले किसी एक्टर की पॉपुलैरिटी मुख्य रूप से फिल्मों, टीवी इंटरव्यू, मैगजीन और विज्ञापनों से बनती थी। अब सोशल मीडिया पर लगातार मौजूद रहना भी Celebrity Image का हिस्सा है। पैपाराजी इस पूरी प्रक्रिया के बीच खड़े हैं।
-वो स्टार की जिंदगी को कैप्चर करते हैं लेकिन साथ ही उस स्टार की डिजीटल मौजूदगी को लगातार ईंधन भी देते हैं। कभी एक एयरपोर्ट लुक चर्चा में आता है, कभी कपल की तस्वीर, कभी जिम वीडियो और कभी सिर्फ कैमरे की तरफ देखकर दिया गया एक छोटा सा स्माइल। यही छोटी-छोटी तस्वीरें मिलकर आज की Celebrity Culture बनाती हैं।
तस्वीर से बिजनेस तक की कहानी
-बॉलीवुड पैपाराजी की कहानी असल में कैमरे की कहानी से कहीं बड़ी है। ये बताती है कि मीडिया कैसे बदला, दर्शकों की आदतें कैसे बदलीं और सेलेब्रिटी की कीमत तय करने का तरीका कैसे बदला।
*1970 के दशक में स्टार की एक तस्वीर मैगजीन बेच सकती थी।
*2000 के दशक में वही तस्वीर वेबसाइट पर ट्रैफिक ला सकती थी।
*2010 के दशक में वह सोशल मीडिया पर वायरल हो सकती थी।
*आज एक छोटा-सा वीडियो किसी स्टार की पूरी डिजिटल कहानी को बदल सकता है।
-इसलिए बॉलीवुड पैपाराजी को सिर्फ कैमरा लेकर स्टार्स के पीछे भागते लोगों की दुनिया समझना अधूरा है। ये अब एक ऐसा डिजीटल इकोसिस्टम है, जहां हर स्पॉटिंग संभावित कंटेंट है, हर वायरल वीडियो संभावित बिजनेस है और हर तस्वीर किसी न किसी तरह स्टार की पब्लिक इमेज का हिस्सा बन सकती है। फिल्में पर्दे पर स्टार बनाती हैं लेकिन आज कैमरे के बाहर की जिंदगी भी स्टारडम की कहानी लिखती है।