Breaking News Live Update 26 July: पेपर लीक के खिलाफ 27 जुलाई को लोकसभा में पेश होगा बिल, शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्री का कार्यभार

Published on 26 जुल॰ 2026

Breaking News Live Update 26 July: देश-विदेश में आज 26 जुलाई की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 26 जुलाई की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।  

  • Jul 26, 2026 12:14 IST

    शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्री का कार्यभार

    WhatsApp Image 2026-07-26 at 12.13.50 PM

    प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल की घटनाओं पर सख्ती बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार सोमवार को लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पेश करेगी। प्रस्तावित संशोधन के तहत हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए जाएंगे। इन अदालतों में मामलों की रोजाना सुनवाई होगी, ताकि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विधेयक में यह भी प्रस्ताव है कि चार्जशीट दाखिल होने के तीन महीने के भीतर ट्रायल पूरा करना अनिवार्य होगा। सरकार का मानना है कि इससे पेपर लीक और नकल जैसे मामलों का तेजी से निपटारा होगा और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता व विश्वसनीयता मजबूत होगी। 

  • Jul 26, 2026 10:26 IST

    ईरान पर बड़े हमले से फिलहाल पीछे हटे ट्रम्प

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फिलहाल ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले की योजना टाल दी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी सेना के शीर्ष अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि व्यापक सैन्य अभियान से पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार तेजी से घट सकता है, जिससे अमेरिका की रक्षा तैयारियों पर असर पड़ सकता है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने ट्रम्प को सलाह दी कि बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई से मध्य-पूर्व में तैनात अमेरिकी सैनिकों और सहयोगी देशों की सुरक्षा पर अतिरिक्त जोखिम पैदा हो सकता है।

    रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अप्रैल के अंत तक अमेरिका 1,200 से अधिक पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का इस्तेमाल कर चुका था, जिसके कारण सैन्य संसाधनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रम्प ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर सभी विकल्प खुले हैं। फिलहाल अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई के बजाय ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने का फैसला किया है। इसी क्रम में कारोबारी बाबेक जंजानी के नेटवर्क से जुड़ी 9 कंपनियों और 4 व्यक्तियों पर नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। 

  • Jul 26, 2026 10:21 IST

    दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले

    WhatsApp Image

    दिल्ली में हालिया प्रदर्शनों के चलते सुरक्षा कारणों से बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशनों को रविवार से दोबारा खोल दिया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने जानकारी दी कि अब पूरे मेट्रो नेटवर्क पर यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट दोनों सेवाएं सामान्य रूप से शुरू हो गई हैं। पिछले चार दिनों से मध्य दिल्ली के करीब 18 मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा कारणों से प्रवेश और निकास पर प्रतिबंध लगाया गया था। इससे रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब सभी स्टेशनों के खुलने के साथ ही दिल्ली मेट्रो की सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो गई हैं। यात्रियों को पहले की तरह सभी स्टेशनों से आने-जाने की सुविधा मिल रही है, जिससे दैनिक आवागमन फिर से सुचारु हो गया है। 

  • Jul 26, 2026 09:35 IST

    डेढ़ महीने बाद खाली हुआ जंतर-मंतर, छात्र आंदोलन समाप्त; सफाई अभियान शुरू

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP के बैनर तले चल रहा छात्र आंदोलन खत्म हो गया है। इसके साथ ही करीब डेढ़ महीने से आंदोलन का केंद्र बना जंतर-मंतर अब खाली हो गया है। प्रदर्शनकारियों के हटने के बाद प्रशासन ने इलाके को सामान्य स्थिति में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

    प्रदर्शन स्थल खाली होते ही नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने जंतर-मंतर पर व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है। धरना स्थल से टेंट, बैरिकेड और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए जा रहे हैं। साथ ही पूरे परिसर की साफ-सफाई कर उसे पहले की तरह व्यवस्थित बनाया जा रहा है। उधर, आंदोलन के कारण चार दिनों से बंद दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन भी अब यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं। सभी स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सामान्य रूप से शुरू हो चुकी है, जिससे लोगों को राहत मिली है। अब आंदोलन समाप्त होने के बाद सबकी नजर सरकार द्वारा घोषित परीक्षा सुधारों और अन्य वादों को लागू करने की प्रक्रिया पर रहेगी। 

  • Jul 26, 2026 08:44 IST

    पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के बाद तेज प्रताप यादव गिरफ्तार

    बिहार बंद प्रदर्शन मामले में आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दंगा फैलाने और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई। कोर्ट में पेशी के बाद मजिस्ट्रेट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। बताया जा रहा है कि पेपर लीक के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई थी। इस दौरान पथराव की घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। तेज प्रताप यादव छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की।

लेखक