बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) और यूनाइटेड बलूच आर्मी (UBA) ने बलूचिस्तान और सिंध में अलग-अलग हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. इन हमलों में बिजली के टावर्स, एक सरकारी कार्यालय और पाकिस्तानी सैन्य चेकपोस्ट को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है. BRG के प्रवक्ता दोस्तैन बलोच ने मीडिया को दिए बयान में दावा किया कि मंगलवार रात बलूचिस्तान के नसीराबाद जिले के छत्तर के पास दो 220 केवी बिजली के टावरों में विस्फोट किया गया.
उनके मुताबिक, धमाकों में दोनों टावरों को भारी नुकसान पहुंचा. BRG ने कहा कि उसके लड़ाकों ने 9 अगस्त को कच्छी जिले के डाढ़र में एक कृषि कार्यालय में विस्फोट किया. संगठन का दावा है कि इस धमाके में इमारत को भारी नुकसान हुआ. BRG ने सिंध के शिकारपुर के पास भी सोमवार रात बिजली के दो टावरों को उड़ाने का दावा किया.
‘पूरी आजादी जारी रखेंगे ये ऑपरेशन’
संगठन के मुताबिक, दोनों टावरों को भारी नुकसान पहुंचा. BRG ने कहा कि बलूचिस्तान की पूरी आजादी तक इस तरह के ऑपरेशन जारी रहेंगे. वहीं, UBA के प्रवक्ता मजार बलोच ने दावा किया कि सोमवार शाम करीब 7:10 बजे बोलान में पंजरा ब्रिज के पास दराज बीट स्थित पाकिस्तानी सैन्य चेकपोस्ट को रिमोट-कंट्रोल विस्फोटक से निशाना बनाया गया.
UBA ने दावा किया कि हमले में चार सुरक्षाकर्मी मारे गए और एक गंभीर रूप से घायल हुआ. UBA के मुताबिक, उसके लड़ाके दराज बीट और पंजरा ब्रिज स्थित चेकपोस्ट के बीच सैन्य गतिविधियों और काफिलों की आवाजाही पर लगातार नजर रख रहे थे. संगठन ने दावा किया कि चेकपोस्ट पर विस्फोटक लगाया गया और सुरक्षाकर्मियों के वापस लौटने के बाद उसे विस्फोट किया गया. UBA ने भी कहा कि स्वतंत्र बलूचिस्तान की स्थापना तक इस तरह के हमले जारी रहेंगे.
पहले भी कुछ हमलों का किया था दावा
2 अगस्त को BLA ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने वाशुक के सेची इलाके में आगे बढ़ने की कोशिश कर रही पाकिस्तानी सेना पर हमला किया. वहां उन्होंने दो जवानों को मार गिराया. संगठन ने ये भी बताया कि उन्होंने चगाई के नोकचाह में क्वेटा-ताफट्न रूट पर पाकिस्तानी सेना के काफिले और खनिज ले जा रहे वाहनों पर हमला किया, जिसमें दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. BLA ने 3 अगस्त को कई ऑपरेशन करने का दावा किया, जिसमें क्वेटा-कराची हाईवे पर बेला के नामी इलाके में एक पुलिस चेकपोस्ट पर कब्जा करना भी शामिल था.

अंजू निर्वाण
अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.
Read More