Car Tips: कार में बेहतर रोशनी और रात में साफ विजिबिलिटी के लिए हैलोजन रिफ्लेक्टर में गलत LED लाइट लगाने से ग्लेयर की समस्या बढ़ सकती है।
LED लगाने से पहले इन बातों की करें जांच
- Published: 30 Aug 2026, 07:01 PM IST
- Last Updated: 30 Aug 2026, 07:01 PM IST
Car Tips: रात में ड्राइविंग के समय बेहतर विजिबिलिटी के लिए कई कार मालिक फैक्ट्री-फिटेड हैलोजन बल्ब को LED से अपग्रेड करते हैं। ज्यादा चमकदार रोशनी के कारण यह बदलाव आकर्षक लगता है, लेकिन हैलोजन रिफ्लेक्टर में LED लगाने से हर बार बेहतर नतीजे मिलें, यह जरूरी नहीं है। गलत LED रेट्रोफिट से रोशनी का बीम पैटर्न बिगड़ सकता है और सामने से आने वाले वाहन चालकों को ग्लेयर की समस्या हो सकती है।
दरअसल, हैलोजन हेडलाइट का रिफ्लेक्टर ओरिजिनल बल्ब के फिलामेंट की स्थिति और आकार को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाता है। वहीं LED बल्ब का लाइट सोर्स अलग तरीके से काम करता है। अगर LED चिप सही पोजिशन पर नहीं बैठती है, तो रिफ्लेक्टर रोशनी को सड़क पर फोकस करने के बजाय ऊपर या किनारों की तरफ फैला सकता है। इससे ज्यादा ब्राइटनेस के बावजूद सड़क पर उपयोगी विजिबिलिटी कम हो सकती है।
सिर्फ ज्यादा ब्राइट LED होना पर्याप्त नहीं
आफ्टरमार्केट मार्केट में 100W, 120W और 150W जैसे हाई-पावर LED बल्ब भी उपलब्ध हैं। हालांकि, ज्यादा वॉट का मतलब यह नहीं है कि हेडलाइट ज्यादा सुरक्षित या बेहतर होगी। जरूरत से ज्यादा आउटपुट बीम को बिखरा सकता है और सामने से आने वाले ड्राइवरों के लिए चकाचौंध बढ़ा सकता है। ज्यादा पावर से वायरिंग, कनेक्टर और गर्मी से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
नियमों का भी रखें ध्यान
भारत में CMVR Rule 106 के तहत वाहन की लाइटिंग ऐसी होनी चाहिए कि उससे अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं को अनावश्यक चकाचौंध न हो। इसलिए सिर्फ सफेद LED लगाना ही यह साबित नहीं करता कि हेडलाइट सेटअप नियमों के अनुरूप है। अगर रेट्रोफिट की बीम बहुत ऊपर जा रही है या सामने से आने वाले ड्राइवरों को परेशान कर रही है, तो यह सुरक्षा और नियमों दोनों के लिहाज से समस्या बन सकती है।
LED लगाने से पहले इन बातों की करें जांच
LED रेट्रोफिट लगाने से पहले देखें कि बल्ब हेडलाइट हाउसिंग में सही तरीके से फिट हो रहा है या नहीं। LED चिप की पोजिशन, बीम का कटऑफ, वायरिंग और फ्यूज क्षमता की भी जांच करें। इंस्टॉलेशन के बाद हेडलाइट अलाइनमेंट और बीम पैटर्न को जरूर चेक कराएं। फैक्ट्री वायरिंग को काटने या उसमें अनावश्यक बदलाव करने से बचना बेहतर है।
कुल मिलाकर, हेडलाइट अपग्रेड करते समय केवल ब्राइटनेस को प्राथमिकता देना सही तरीका नहीं है। सही बीम पैटर्न, कम ग्लेयर, उचित अलाइनमेंट और कंपैटिबिलिटी ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। सही तरीके से फोकस्ड थोड़ी कम चमकदार हेडलाइट, गलत दिशा में फैलने वाली बेहद तेज रोशनी से ज्यादा सुरक्षित और उपयोगी हो सकती है।
(मंजू कुमारी)