अयोध्या में राम मंदिर में चंदा चोरी के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़े स्तर पर बदलाव अभियान चल रहा है. ट्रस्ट के लिए पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की तलाश जारी है. CEO पद के लिए कल से इंटरव्यू शुरू हो चुके हैं. पहले दिन 8 लोगों का इंटरव्यू लिया गया. पहले दिन कई IAS-IPS अफसर भी शामिल हुए.
सूत्रों का कहना है, सीईओ पद के लिए 5300 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था. फिर एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति की ओर से इन आवेदकों में से 18 उम्मीदवारों को शॉर्ट लिस्ट किया गया, फिर उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया गया. हर उम्मीदवार से 40 से 50 मिनट तक बातचीत की गई.
IAS-IPS के अलावा 4 सैन्य अफसर
कल मंगलवार को जिन लोगों का इंटरव्यू लिया गया, उसमें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के एक पूर्व अफसर के अलावा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) से 3 रिटायर अफसर भी शामिल थे. इनके अलावा जिन 4 अन्य लोगों का इंटरव्यू लिया गया उनका सेना से ताल्लुक थे. ये चारों पूर्व सैन्य अधिकारी हैं.
इंटरव्यू देने वालों में पूर्व आईपीएस अफसर राजेश पांडेय के अलावा जौनपुर के जिलाधिकारी रहे दिनेश चंद्र भी शामिल थे, इनके अलावा पूर्व आईएएस योगेश्वर राम मिश्रा और समीर पांड्या भी इस रेस में शामिल हैं.
इंटरव्यू होते ही अयोध्या से दिल्ली रवाना
खास बात यह है कि इंटरव्यू प्रक्रिया को लेकर खासी गोपनीयता बरती जा रही है. सूत्रों का कहना है कि हर उम्मीदवार ने अयोध्या एयरपोर्ट पर अपने आने का कार्यक्रम ट्रस्ट को बता दिया था जिसके बाद उन्हें वहां से अलग-अलग गाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया.
चूंकि इंटरव्यू राम मंदिर में ही लिया जा रहा है और उम्मीदवारों को मीडिया से बात करने की मनाही है. ऐसे में इंटरव्यू देने के बाद, सभी प्रत्याशियों को प्लेन के जरिए नई दिल्ली भेज दिया गया. फिर दिल्ली से इन्हें अपनी-अपनी गंतव्यों के लिए उड़ान भरा.
कौन हैं ये IAS-IPS अफसर
राजेश पांडे भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अफसर रहे हैं. प्रयागराज के रहने वाले पांडे उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद से रिटायर हुए. वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं. वह लेखन क्षेत्र में भी सक्रिय हैं. पिछले दिनों अंतहीन नाम से उनका उपन्यास प्रकाशित हुआ है. यह उनकी दूसरी किताब है, इससे पहले वर्चस्व नाम से पहली किताब प्रकाशित हो चुकी है.
आईएएस दिनेश चंद्र भी सीईओ पद के दावेदारों में से एक हैं. उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले आईएएस दिनेश कई जिलों में जिलाधिकारी रहे हैं. वह कानपुर देहात, बहराइच, सहारनपुर और जौनपुर के जिलाधिकारी रह चुके हैं.
पूर्व आईएएस अफसर योगेश्वर राम मिश्रा भी में इस लिस्ट में शामिल हैं. योगेश्वर भी प्रयागराज से संबंध रखते हैं. रिटायर होने से पहले वह अयोध्या, वाराणसी और बाराबंकी जैसे जिलों के जिलाधिकारी रह चुके हैं. इसके अलावा वह विंध्याचल डिविजन में कमिश्नर भी रहे. वह 30 मई 2024 को रिटायर हुए. इनके अलावा समीर पांड्या के बारे में कहा जा रहा है कि वह महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More