Chhattisgarh News: सूखा-गीला ही नहीं, अब हर घर में 4 डस्टबिन क्यों जरूरी? जानिए रायगढ़ में स्वच्छता के नए नियम

Published on 23 सित॰ 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 'सेवा ही संकल्प' अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। नागरिकों को कचरा पृथक्करण और 4 अलग-अलग डस्टबिन रखने की जानकारी दी गई। लोगों ने इस व्यवस्था को अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।

रायगढ़। नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में संचालित ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत शहर में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कालिंदी कुंज कॉलोनी और पार्क सिटी कॉलोनी में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वच्छता दीदियों और एमआरएफ प्लांट की सुपरवाइजर दीदियों ने घर-घर पहुंचकर नागरिकों को कचरे के सही पृथक्करण और स्वच्छता नियमों की जानकारी दी।

चार अलग-अलग डस्टबिन रखने की दी जानकारी

कार्यक्रम में नागरिकों को एसडब्ल्यूएम रूल्स 2026 के तहत घर में चार अलग-अलग डस्टबिन रखने की आवश्यकता के बारे में बताया गया। स्वच्छता दीदियों ने समझाया कि कचरे को घर से ही अलग-अलग रखने से उसके संग्रहण, परिवहन और प्रसंस्करण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनाई जा सकती है।

नागरिकों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने के साथ ही कांच और अन्य जोखिमयुक्त सामग्री के लिए हजार्ड डस्टबिन तथा सैनिटरी नैपकिन, डायपर जैसी सामग्री के लिए विशेष केयर डस्टबिन रखने की जानकारी दी गई।

घर से शुरू हो कचरे का सही प्रबंधन

जागरूकता अभियान के दौरान स्वच्छता दीदियों ने नागरिकों से अपील की कि वे घर से निकलने वाले कचरे को आपस में मिलाकर न दें। अलग-अलग किए गए कचरे को नगर निगम की स्वच्छता दीदियों और अधिकृत कचरा संग्रहण वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सौंपें।

उन्होंने नागरिकों को सड़क, नाली, खाली प्लॉट या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए भी जागरूक किया। साथ ही आसपास स्वच्छता बनाए रखने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

जनभागीदारी को बनाया जा रहा अभियान का आधार

नगर निगम के ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान का उद्देश्य केवल शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है। इसी उद्देश्य से कॉलोनियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता की नई व्यवस्थाओं और नियमों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में नागरिकों से निगम के स्वच्छता अभियानों से जुड़ने, अपने आसपास गंदगी रोकने और कचरा फैलाने वालों को समझाने की अपील की गई।

कॉलोनीवासियों ने चार डस्टबिन अपनाने की जताई प्रतिबद्धता

पार्क सिटी कॉलोनी समिति के अध्यक्ष श्री प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के अनुरूप प्रत्येक घर में चार डस्टबिन रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सूखा, गीला, हजार्ड और विशेष केयर कचरे को घर से ही अलग रखने से कॉलोनी की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।

डॉ. राजकुमार गुप्ता और श्रीमती काकोली बैनर्जी ने भी ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ गंदगी फैलाने वालों को रोकना-टोकना भी जरूरी है। उन्होंने स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण के लिए नगर निगम के अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।