मुंबई: शिवाजी पार्क में बिना अनुमति किया प्रदर्शन, CJP नेताओं समेत 500 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

Published on 3 अक्टू॰ 2026

मुंबई: शिवाजी पार्क में बिना अनुमति किया प्रदर्शन, CJP नेताओं समेत 500 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

CJP नेताओं समेत 500 लोगों के खिलाफ FIRImage Credit source: PTI

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना पुलिस अनुमति के आंदोलन करने के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के नेताओं समेत करीब 500 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. बीते 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे से 7 बजे के बीच प्रदर्शन किए जाने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग शिवाजी पार्क में जमा हुए. इस दौरान सार्वजनिक सभा आयोजित करने, नारेबाजी करने और सार्वजनिक सड़क पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं.

इस मामले में CJP नेता अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे, प्रणय अहिरे, आशुतोष रांका और सौरभ दास समेत अन्य लोगों के नाम FIR में दर्ज किए गए हैं. इसके अलावा एफआईआर में आफरीन नवाज, सौम्या कोर्डे, अंकित भारद्वाज, विजय मालगी और योगेश इंगले के नाम भी शामिल हैं. शिवाजी पार्क पुलिस ने उनके खिलाफ यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2) और 223, साथ ही महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 37(3) और 135 के तहत दर्ज किया है.

मुंबई पुलिस ने नहीं दी थी प्रदर्शन की इजाजत

पुलिस की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर यह FIR दर्ज की गई है. इससे पहले 2 अक्टूबर को ही CJP के आंदोलन को लेकर पुलिस के पास शिकायत पहुंची थी. मुंबई पुलिस ने CJP को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शन किए जाने के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज किया है. करीब 500 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

NHRC ने CJP को भेजा नोटिस

नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध प्रदर्शन में नाबालिग बच्चों को गैर-कानूनी रूप से शामिल करने और जुटाने की शिकायत पर नोटिस जारी किया है.पुलिस की कार्रवाई को रोकने के लिए नाबालिगों का सोची-समझी रणनीति के तहत इस्तेमाल किए जाने की खबरों के बाद आयोग ने इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है.

प्रदर्शन मामले में दिल्ली में भी दर्ज हुई FIR

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रोटेस्ट मामले में दिल्ली में भी FIR दर्ज की गई है. जंतर-मंतर पर बिना अनुमति के प्रदर्शन करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की है, जिसमें से दो एफआईआर संसद मार्ग थाने में और एक एफआईआर कनॉट प्लेस थाने में दर्ज हुई है.

दरअसल, बीते 2 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों और राजनीतिक पार्टियों ने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था. हालांकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक नहीं पहुंचने दिया था और एक हजार से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया गया था, जिसमें कई नेता भी शामिल थे.

ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, दर्ज की 3 FIR

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button