क्या CJP के समर्थकों ने हाइड्रोजन ट्रेन पर किया पथराव? रेलवे ने बताई अब सच्चाई

Published on 21 जुल॰ 2026

क्या CJP के समर्थकों ने हाइड्रोजन ट्रेन पर किया पथराव? रेलवे ने बताई अब सच्चाई

वायरल वीडियो पर रेलवे ने अपना बयान दिया है

Hydrogen Train Viral Video: सोशल मीडिया पर ट्रेन पर पथराव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन है, जिस पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और उसके समर्थकों ने हमला किया. हालांकि, जांच में यह दावा गलत निकला. नॉर्दर्न रेलवे ने साफ किया है कि वीडियो में दिखाई दे रही ट्रेन हाइड्रोजन ट्रेन नहीं है.

वायरल वीडियो में एक ट्रेन किसी स्टेशन पर प्रवेश करती दिखाई देती है. इसी दौरान प्लेटफॉर्म और आसपास मौजूद कुछ लोग ट्रेन की ओर पत्थर फेंकना शुरू कर देते हैं. वीडियो में पत्थरबाजी साफ दिखाई देती है, लेकिन इससे यह पता नहीं चलता कि घटना किस स्टेशन की है, कब हुई और वीडियो में दिखाई दे रही ट्रेन कौन-सी है. इसलिए वीडियो के स्थान और समय की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है.

हाइड्रोजन ट्रेन बताकर किए जा रहे हैं दावे

वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इसे भारत की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन पर हमला बताया. कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि घटना का संबंध जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन से है. कई यूजर्स ने इस दावे के आधार पर सीजेपी और उससे जुड़े नेताओं पर निशाना साधते हुए टिप्पणियां भी कीं.

वीडियो में दिख रही train hydrogen ट्रेन नहीं है… यह WAG 12 लोको द्वारा संचालित ट्रेन है। संभवतः यह कोई पुराना वीडियो है। Hydrogen ट्रेन अपने तय समय के अनुसार अपनी सेवाएं दे रही है pic.twitter.com/vGtOmm0Zth

— Northern Railway (@RailwayNorthern) July 20, 2026

नॉर्दर्न रेलवे ने क्या कहा?

वायरल दावों के बीच नॉर्दर्न रेलवे ने कहा कि वीडियो में दिखाई गई ट्रेन हाइड्रोजन ट्रेन नहीं है, बल्कि WAG-12 लोकोमोटिव से संचालित ट्रेन है. साथ ही यह भी बताया गया कि यह संभवतः पुराना वीडियो है और हाइड्रोजन ट्रेन अपनी निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सामान्य रूप से संचालित हो रही है.

वीडियो सामने आने के बाद रेलवे से जुड़े कई लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि वीडियो में दिख रहा इंजन हाइड्रोजन ट्रेन का नहीं, बल्कि WAG-12 इलेक्ट्रिक फ्रेट लोकोमोटिव का है. WAG-12 भारतीय रेलवे और एल्सटॉम की साझेदारी से विकसित 12,000 हॉर्सपावर वाला इलेक्ट्रिक मालवाहक इंजन है. इसका निर्माण बिहार के मधेपुरा स्थित फैक्ट्री में किया जाता है.

राहुल कुमार

राहुल कुमार

प्रिंट, TV और डिजिटल की दुनिया को सीखते-समझते लगभग 9 साल हो गए हैं. राजस्थान पत्रिका में अखबार और टीवी की रिपोर्टिंग से शुरुआत... इसके बाद प्रभात खबर पटना में अलग-अलग जिलों के एडिशन का बतौर इंचार्ज 5 साल तक रहा. यहां से दिल्ली आया तो NDTV में काम करने का मौका मिला. अगला पड़ाव TV9 रहा, जहां मैं स्टेट टीम का हिस्सा हूं. पत्रकारिता का क, ख, ग... माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में सीखा. यहां से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. खबरों में आम आदमी के लिए क्या, किस राजनीतिक हलचल के मायने क्या? बस इसी की तलाश हमेशा रहती है. समाज से जुड़े मुद्दों को उठाना और उसे आसान भाषा में समझाने की कोशिश जारी है.

Read More

google button