'फडणवीस दिल्ली जाते हैं तो बावनकुले बनेंगे महाराष्ट्र के CM', संजय राउत के दावे ने मचाई हलचल

Published on 11 जुल॰ 2026

'फडणवीस दिल्ली जाते हैं तो बावनकुले बनेंगे महाराष्ट्र के CM', संजय राउत के दावे ने मचाई हलचल

संजय राउत ने किया चौंकाने वाला दावाImage Credit source: PTI

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री बदलने और कैबिनेट मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के सीएम बनने की अफवाहों के बीच खुद बावनकुले ने सफाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लिखा है कि ‘अफवाहों का बाजार इस समय गर्म है. आज भी ऐसी ही एक अफवाह फैलाई गई. इसे पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद माना जाना चाहिए. सूरज की रोशनी की तरह यह बिल्कुल स्पष्ट सत्य है कि महाराष्ट्र के विकास पुरुष देवेंद्र फडणवीस 2034 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने रहें, यह महाराष्ट्र की 14 करोड़ जनता की भावना है. विकसित महाराष्ट्र के निर्माण के लिए यही जरूरी है’.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने की जल्दबाजी किसी को नहीं करनी चाहिए. दरअसल, शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और एनसीपी (SP) विधायक रोहित पवार ने शनिवार को यह कहकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी कि अगर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री बनाया जाता है, तो चंद्रशेखर बावनकुले अगले मुख्यमंत्री बनेंगे. हालांकि उन्होंने ये दावा तो नहीं किया कि फडणवीस दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसी संभावना है. विधायक रोहित पवार ने यह भी कहा कि दिल्ली में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का प्रभाव भी बढ़ गया है और राज्य के नेता और बीजेपी के शीर्ष नेता उनका समर्थन कर रहे हैं.

‘एकनाथ शिंदे दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे’

संजय राउत ने कहा, ‘अगर फडणवीस केंद्र में जाते हैं, तो राज्य का नेतृत्व चंद्रशेखर बावनकुले के हाथों में जाएगा. आपको लग सकता है कि मैं किसी और का नाम लूंगा, लेकिन मेरी नजर में विदर्भ से सही नेता बावनकुले ही हैं. वो ऐसे व्यक्ति हैं जो सबसे संवाद करते हैं, सबका ख्याल रखते हैं. एकनाथ शिंदे दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, बिलकुल नहीं. गिरीश महाजन का रिकॉर्ड बहुत खराब है.

‘2029 के बाद नहीं बनेगी बीजेपी की सरकार’

राउत ने दावा किया कि फडणवीस खुद बावनकुले की सिफारिश करेंगे, जो वर्तमान में राजस्व मंत्रालय संभाल रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि फडणवीस को 2029 से पहले प्रधानमंत्री बन जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ‘अगर फडणवीस 2029 से पहले प्रधानमंत्री बन जाते हैं तो हमें खुशी होगी. एक मराठी मानुष होने के नाते हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं. उद्धव ठाकरे ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं’. उन्होंने आगे कहा कि 2029 के बाद बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी, इसलिए फडणवीस 2029 से पहले जो चाहें कर सकते हैं’.

दावों पर सीएम फडणवीस की दो-टूक

वहीं, रोहित पवार ने कहा कि अगर बीजेपी के नेता केंद्र में फडणवीस को कोई महत्वपूर्ण पद देने का फैसला करते हैं, तो महाराष्ट्र में चंद्रशेखर बावनकुले को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिल सकता है. इस बीच इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने सिर्फ दो-टूक कहा कि मैं परसों ही दिल्ली गया था.

ये भी पढ़ें: BJP ने नरोत्तम मिश्रा को मनाया, संभालेंगे दतिया उपचुनाव की कमान; कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को बनाया उम्मीदवार

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button