CM मान 2 स्कूल ऑफ एमिनेंस का आज करेंगे उद्घाटन: लुधियाना में कई बार ओपनिंग टली; स्टूडेंट्स को अब मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं - Ludhiana News

Published on 2 अग॰ 2026

लुधियाना में आज लंबे इंतजार और कई बार उद्घाटन टलने के बाद आखिरकार लुधियाना के किदवई नगर और मिलरगंज-ढोलेवाल स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस (SOE) का उद्घाटन सीएम भगवंत मान करेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस नए कैंपस में पढ़ाई का मौका म

.

किदवई नगर स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस का उद्घाटन पहले 28 मई को प्रस्तावित था, लेकिन मुख्यमंत्री की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इसके बाद लंबे समय तक नई तारीख घोषित नहीं की गई। स्कूल भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद महीनों से बंद पड़ा था।

इस परियोजना की समय-सीमा पहले भी कई बार आगे बढ़ चुकी है। पिछले वर्ष नवंबर में लुधियाना सेंट्रल के विधायक अशोक पराशर पप्पी ने घोषणा की थी कि तीन महीने के भीतर स्कूल बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर ने भी मार्च 2025 तक स्कूल को शुरू करने का लक्ष्य तय किया था।

किदवई नगर स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस।

किदवई नगर स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस।

40 कमरों वाला आधुनिक कैंपस किदवई नगर स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस में 40 आधुनिक कक्षाएं बनाई गई हैं। स्कूल में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है।

नया भवन तैयार होने के बावजूद छात्र अब तक सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डिवीजन नंबर-3 के सीमित स्थान वाले पुराने परिसर में पढ़ाई कर रहे थे। नए परिसर में मुख्य रूप से नए दाखिले लेने वाले विद्यार्थियों को स्थान दिया जाएगा, जबकि सभी पुराने छात्रों को एक साथ स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।

मिलरगंज-ढोलेवाल स्कूल में भी आधुनिक सुविधाएं मिलरगंज-ढोलेवाल स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस में भी विद्यार्थियों के लिए कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां प्रत्येक कक्षा में प्रोजेक्टर और स्क्रीन, आरओ सिस्टम से युक्त वाटर कूलर सहित अन्य आधुनिक संसाधन लगाए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सके।

शिक्षा के आधुनिकीकरण की योजना का हिस्सा दोनों स्कूल पंजाब सरकार की सरकारी स्कूलों के आधुनिकीकरण की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा हैं। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, सीसीटीवी निगरानी, बेहतर खेल सुविधाएं और विद्यार्थियों के अनुकूल आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है।

6 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दोनों स्कूलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। किदवई नगर स्कूल में व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 6 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो कक्षाओं, प्रोजेक्टर और अन्य उपकरणों की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं।

वहीं मिलरगंज-ढोलेवाल स्कूल में उद्घाटन समारोह की तैयारियों के लिए 5 प्रिंसिपलों और मुख्य अध्यापकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन का दावा है कि दोनों स्कूल पूरी तरह तैयार हैं और उद्घाटन के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।