CM सैनी की मुंबई में 20 कंपनियों से बैठक: उद्योगपतियों को न्योता, 123 में से 108 कंपनियों को जमीन उपलब्ध कराने का दावा - Haribhoomi

Published on 24 अग॰ 2026

सरकार का फोकस कागजी प्रक्रिया की बजाय परियोजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने और उद्योग जगत के साथ दीर्घकालिक साझेदारी बनाने पर है। प्रदेश में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए 10 नए इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग टाउनशिप (IMT) विकसित करने की योजना है।

Nayab Singh Saini Mumbai Visit.

CM सैनी ने मुंबई में बैठक के दौरान 20 कंपनियों के उद्योगपतियों को हरियाणा में निवेश करने का दिया न्योता।

  • Published: 24 Aug 2026, 04:32 PM IST
  • Last Updated: 24 Aug 2026, 04:32 PM IST

CM सैनी की मुंबई में 20 कंपनियों से बैठक: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंबई दौरे के दूसरे दिन 20 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस की। बैठक में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, IT, लॉजिस्टिक्स और कृषि उद्योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को अप्रैल 2027 में प्रस्तावित हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निवेश पर चर्चा करना नहीं, बल्कि उद्योग जगत के साथ दीर्घकालिक साझेदारी बनाना है।

CM सैनी ने 1.10 लाख करोड़ के MOU का किया दावा
CM सैनी ने कहा कि गुरुग्राम में आयोजित इंडस्ट्री पॉलिसी लॉन्च कार्यक्रम के दौरान करीब 1.10 लाख करोड़ रुपए के MOU पर हस्ताक्षर किए गए थे। इनमें MOU करने वाली 123 कंपनियों में से 108 कंपनियों को जमीन उपलब्ध कराई जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार के लिए MOU केवल कागजी प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि निवेशकों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। सरकार का फोकस परियोजनाओं को जमीन पर उतारने पर है। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा उद्देश्य फाइल मूवमेंट नहीं, प्रोजेक्ट मूवमेंट है।” उन्होंने बताया कि निवेशकों की परियोजनाओं को गति देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

140 गैर-जरूरी नियमों को किये जायेगी समाप्त
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 140 गैर-जरूरी नियमों को समाप्त किया है। इसके अलावा प्रदेश में 10 नए इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग टाउनशिप (IMT) विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

सरकार जिला-विशिष्ट औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने पर भी जोर दे रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, भूमि, कौशल और बेहतर कनेक्टिविटी को जोड़कर नए विकास केंद्र तैयार किए जाएंगे।

उद्योगपतियों को ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का दिया न्योता
मुख्यमंत्री ने कहा कि अप्रैल 2027 में होने वाले हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट से पहले मुंबई में उद्योग जगत के साथ यह पहला बड़ा संवाद कार्यक्रम है। उन्होंने उद्योगपतियों से समिट में शामिल होने और हरियाणा में नई निवेश परियोजनाएं शुरू करने का आह्वान किया।

सैनी ने कहा कि सरकार उद्योग जगत से मिलने वाले सुझावों को गंभीरता से लेगी और प्रदेश को निवेश के लिए और अधिक अनुकूल बनाने की दिशा में काम जारी रखेगी।

ऑटो से IT तक कई सेक्टरों पर चर्चा
मुंबई की बैठक में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, IT, लॉजिस्टिक्स और कृषि उद्योग सहित कई क्षेत्रों में संभावित निवेश पर चर्चा हुई। सरकार का फोकस नए उद्योगों के साथ-साथ रोजगार और औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने पर भी है। मुख्यमंत्री ने उद्योग प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि हरियाणा में निवेश करने वाली कंपनियों को परियोजनाओं को जमीन पर उतारने में सरकार की ओर से जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का ई-पेपर पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से ''हरिभूमि हिंदी न्यूज़'' App डाउनलोड करें।