मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने देर रात मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने TET की अनिवार्यता, पदोन्नति में TET की शर्त और सहायक शिक्षकों
.
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक मनीष मिश्रा और जशपुर जिलाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। शिक्षकों ने बताया कि TET की अनिवार्यता को लेकर कई शिक्षकों में नौकरी जाने की चिंता है।
इस पर मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि TET के कारण किसी भी शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे शिक्षकों को TET पास कराने के लिए जरूरी व्यवस्था करने पर काम कर रही है।

दूसरे राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन
मुख्यमंत्री ने बताया कि TET के मामले में छत्तीसगढ़ सरकार मध्यप्रदेश, ओडिशा समेत अन्य राज्यों में लागू व्यवस्था का अध्ययन कर रही है। दूसरे राज्यों में अगर कोई व्यावहारिक समाधान मिलता है तो उसे छत्तीसगढ़ में लागू करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
वेतन विसंगति का मुद्दा भी उठा
बैठक में सहायक शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति का मुद्दा भी उठाया गया। जशपुर जिलाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि सहायक शिक्षक लगातार इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस पर ठोस पहल करने की अपील की।
फेडरेशन ने बताया कि वेतन विसंगति का समाधान सरकार की ‘मोदी की गारंटी’ में शामिल है। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान की दिशा में जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
शिक्षिकाओं ने CM को बांधा रक्षा सूत्र
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जशपुर जिले से पहुंची शिक्षिकाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। शिक्षिकाओं ने शिक्षक समुदाय की सेवा, सुरक्षा और हितों की रक्षा की अपेक्षा मुख्यमंत्री के सामने रखी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से काम कर रहे हैं। ऐसे में सरकार से भी शिक्षकों के भविष्य को लेकर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और शिक्षक हित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
कई शिक्षक प्रतिनिधि रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय पदाधिकारी कौशल अवस्थी, अश्वनी कुर्रे, टिकेश्वर भोई, आदित्य गौरव साहू और दिनेश नायक समेत जशपुर जिले के अलग-अलग ब्लॉकों के अध्यक्ष और शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
फेडरेशन के अनुसार मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद प्रदेशभर के शिक्षकों में उम्मीद बढ़ी है। संगठन अब सरकार और विभाग की ओर से होने वाली कार्रवाई और आगामी फैसलों पर नजर रखेगा। फेडरेशन ने कहा कि TET, पदोन्नति और वेतन विसंगति जैसे मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी मांगें उठाता रहेगा।