जो काम अंग्रेजों ने किया वो कर रही है कांग्रेस... वंदे मातरम् पर बीजेपी ने घेरा, कहा- देश CWC से नहीं चलेगा

Published on 22 अग॰ 2026

कांग्रेस मुख्यालय में 15 अगस्त को वंदे मातरम गाए जाने के दौरान सोनिया गांधी के कथित तौर पर रुकने का इशारा करने को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. बीजेपी की तरफ से संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की और सोनिया गांधी के इशारे को लेकर अलग-अलग सफाई दी है.

संबित पात्रा ने कहा कि ’15 अगस्त 2026 को हमने सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट के जरिए देखा कि कांग्रेस दफ्तर में क्या हुआ. कैसे कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में तिरंगा फहराया जा रहा था. जब वंदे मातरम् शुरू हुआ, तो सोनिया गांधी को दो पदों के बाद इशारा करते हुए ‘रुकने’ को कहते हुए देखा गया.

हंगामे के बाद डैमेज कंट्रोल में आ गई कांग्रेस- संबित पात्रा

संबित पात्रा ने आगे कहा कि ऐसा लगा कि कांग्रेस नेतृत्व, खासकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी में उलझन और घबराहट थी, मानो कोई आपत्तिजनक शब्द इस्तेमाल किए जा रहे हों. इसके बाद जो हंगामा हुआ और देश भर से जो प्रतिक्रियाएं आईं, उससे कांग्रेस ‘डैमेज-कंट्रोल’ मोड में आ गई. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि सोनिया गांधी ‘रुको’ नहीं कह रही थीं, बल्कि मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मांग रही थीं.

‘फिर कांग्रेस ने वंदे मातरम् का गायन ना करने प्रस्ताव जारी कर दिया’

संबित पात्रा ने कहा कि इस विवाद के कुछ दिनों बाद ही 19 अगस्त 2026 को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में एक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें अक्टूबर 1937 में कलकत्ता में कांग्रेस वर्किंग कमेटी द्वारा अपनाए गए एक प्रस्ताव का ज़िक्र था. उस प्रस्ताव में कहा गया था कि वे ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह पद स्वीकार नहीं करेंगे और इसके बजाय गाने को बांट देंगे, और सिर्फ़ दो पद गाएंगे. यानी ‘वंदे मातरम’ को सिर्फ़ शुरुआती दो पदों तक ही सीमित कर देंगे.

‘शीतकालीन सत्र 2025 में वंदे मातरम् को लेकर पूरी चर्चा हुई थी’

संबित पात्रा ने आगे कहा कि शीतकालीन सत्र 2025 में वंदे मातरम् को लेकर पूरी चर्चा हुई थी. संपूर्ण वंदे मातरम गायन की आवश्यकता को बताया गया था. पहले ब्रिटिश सरकार सम्पूर्ण वंदे मातरम के गायन पर रोक रही थी, वही काम कांग्रेस भी रोक रही है. 1938 में जवाहरलाल नेहरू ने जिन्ना को अपने पत्र में भी लिखा था कि उनकी 14 मांगों की चर्चा करते हुए वंदे मातरम के आंशिक गायन की बात मान ली गई है.

देश CWC से नहीं चलेगा-संबित पात्रा

संबित पात्रा ने यह भी बताया कि आज 22 अगस्त को बीजेपी के प्रथम पदाधिकारी बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी कहा कि कांग्रेस के विभाजनकारी मानसिकता के प्रयास को हम पूरा नहीं होने देंगे.आज देश को ये समझना होगा कि क्या पार्लियामेंट में बने कानून के साथ जाना है या कांग्रेस के CWC में हुए निर्णय के साथ जाएंगे. देश CWC से नहीं चलेगा. संसद बड़ी या फिर कांग्रेस की CWC.

‘बीजेपी ने भी वंदे मातरम् को लेकर एक प्रस्ताव किया पास’

संबित पात्रा ने आगे बताया कि महात्मा गांधी ने कहा था कि वन्दे मातरम् देश का गान है, यही राष्ट्र का गान. बीजेपी की आज की बैठक में वंदे मातरम् को लेकर प्रस्ताव पास किया गया. इसके तहत वंदे मातरम् के इतिहास, गौरव और इसकी समृद्ध विरासत को देश के हर कोने तक पहुंचाने के लिए पार्टी व्यापक अभियान चलाएगी. देश की हर गली में जाकर बीजेपी कार्यकर्ता जाएगा और जन-जागरण फैलाएगा. इसकी जानकारी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट कर दी.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button