प्रयागराज के न्यू करछना रेलवे स्टेशन के पास डीएफसी ट्रैक पर सात फीट लंबी लोहे की रेलिंग रखकर ट्रेन को पलटाने की कोशिश की गई। ट्रैक पर रखी रेलिंग से ट्रेन का इंजन टकरा गया। लोको पायलट ने खतरा भांपते हुए तत्काल ट्रेन रोक दी। इससे बड़ा हादसा टल गया।
.
घटना के बाद रेलवे और डीएफसी के अधिकारियों में खलबली मच गई। मामले में डीएफसीसीआईएल के सुरक्षा कर्मचारी ने घूरपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

इंजन से टकराई रेलिंग, ड्राइवर ने तुरंत रोकी ट्रेन यह घटना 21 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे न्यू करछना के पास ईडीएफसी ट्रैक के किलोमीटर संख्या 272/7 पर हुई। डीएफसीसीआईएल के कार्यकारी सिविल सुरक्षा कर्मचारी अमित कुमार मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके कार्यक्षेत्र में किलोमीटर 271 से 280 तक का ट्रैक आता है।
आरोप है कि अज्ञात लोगों ने ट्रैक पर करीब सात फीट लंबी लोहे की रेलिंग रख दी थी। शाम करीब 7:15 बजे वहां से गुजर रहे ट्रेन का इंजन रेलिंग से टकराया गया। टक्कर से तेज आवाज हुई। गनीमत रही कि लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी। इसके बाद शाम 7:25 बजे घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।
ट्रैक से रेलिंग हटाकर बहाल किया गया यातायात सूचना मिलते ही डीएफसी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रैक पर पड़ी लोहे की रेलिंग हटाई। इस दौरान अप और डाउन दोनों तरफ से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलिंग हटाए जाने के बाद ट्रैक को सुरक्षित कर यातायात बहाल किया गया।
जानबूझकर ट्रैक पर रखी रेलिंग डीएफसी कर्मचारी ने तहरीर में आशंका जताई है कि रेलिंग को जानबूझकर ट्रैक पर रखा गया था। आशंका है कि इसका उद्देश्य ट्रेन को क्षतिग्रस्त करना या बड़ा हादसा कराना हो सकता है। हालांकि, रेलिंग ट्रैक पर किसने रखी और इसके पीछे क्या मकसद था, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही होगा।

आसपास के लोगों और फुटेज से खुलेगा राज घूरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सात फीट लंबी भारी रेलिंग को ट्रैक तक कौन लेकर आया और उसे ट्रैक पर किस समय रखा गया। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
नैनी में भी ट्रैक पर रखी गई थी लोहे की पाइप प्रयागराज में ट्रैक पर लोहे की वस्तु रखकर ट्रेन संचालन को प्रभावित करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले नैनी क्षेत्र में भी रेलवे ट्रैक पर लोहे की पाइप रखे जाने की घटना सामने आ चुकी है। उस मामले में भी ट्रैक पर लोहे की वस्तु मिलने के बाद जांच की गई थी, लेकिन उसका खुलासा नहीं हो सका। फिलहाल घूरपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच कराई जा रही है।