DGP आवास के पास हादसे में LLB छात्र की मौत: पीछे से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस - Lucknow News

Published on 20 अग॰ 2026

लखनऊ में लोहिया पथ से डीजीपी आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय एलएलबी छात्र की मौत हो गई। हादसा देर रात हुआ। गंभीर रूप से घायल छात्र सड़क पर काफी देर तक पड़ा रहा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची

.

लोहिया पथ से DGP आवास जाने वाले मार्ग पर हुआ हादसा

हादसा लोहिया पथ से डीजीपी आवास की ओर जाने वाले मार्ग के बीच हुआ। मृतक की पहचान प्रखर त्रिवेदी उर्फ पीयूष के रूप में हुई है। वह 24 साल का था और भानुमति सुंदरबाग, जूरियन टोला, मकबूलगंज का रहने वाला था। इसी साल उसने विश्वविद्यालय में एलएलबी में दाखिला लिया था। यह उसकी पढ़ाई का पहला सेमेस्टर था। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किस समय हुआ और पीयूष को टक्कर किस वाहन ने मारी।

पीयूष (फ़ाइल फ़ोटो।

पीयूष (फ़ाइल फ़ोटो।

रात 10 बजे घर से फूड वैली जाने निकला था

परिजनों के मुताबिक पीयूष मंगलवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था। वह फूड वैली जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार के मुताबिक उसे वेज रोल बेहद पसंद था। वह अक्सर दोस्तों के साथ फूड वैली में चाय या वेज रोल खाने जाया करता था। हालांकि हादसे वाली रात वह अकेले ही घर से निकला था। घर से निकलने के कुछ देर बाद ही परिवार के पास फोन आया कि पीयूष का एक्सीडेंट हो गया है और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिलते ही परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे।

मौके पर पहुंचकर जांच करती पुलिस।

मौके पर पहुंचकर जांच करती पुलिस।

अस्पताल पहुंचे परिजन, लेकिन नहीं बच सकी जान

परिजनों के अस्पताल पहुंचने तक पीयूष की हालत बेहद गंभीर थी। बताया जा रहा है कि हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह गया था। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में रात करीब 12 बजे डॉक्टरों ने ECG किया। इसके बाद पीयूष को मृत घोषित कर दिया गया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

हादसे के बाद काफी देर पड़ा रहा पीयूष।

हादसे के बाद काफी देर पड़ा रहा पीयूष।

हादसे के बाद काफी देर सड़क पर पड़ा रहा पीयूष

परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद पीयूष काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया था। समय पर उपचार मिलने में देरी भी उसकी मौत की वजह बनी। हालांकि पुलिस अभी हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। इसके साथ ही मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर हादसे की कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि पीयूष को किस वाहन ने टक्कर मारी थी।

गोला गोकर्णनाथ का रहने वाला था पीयूष

परिजनों ने बताया कि पीयूष मूल रूप से लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ का रहने वाला था। बचपन से ही वह अपनी मामी के साथ लखनऊ में रह रहा था। उसने सेंट्रेसा डे स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद विद्यान्त हिंदू कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की। इसी साल उसने एलएलबी में दाखिला लिया था। कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह इसी क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहा था। परिवार के मुताबिक पढ़ाई को लेकर वह गंभीर था और अपने भविष्य को लेकर कई सपने देख रहा था।

दोस्तों के बीच भी काफी लोकप्रिय था पीयूष

पीयूष को घरवाले और दोस्त प्यार से इसी नाम से बुलाते थे। परिजनों के मुताबिक वह दोस्तों के साथ समय बिताना पसंद करता था। फूड वैली में दोस्तों के साथ चाय और वेज रोल खाना उसकी पसंदीदा चीजों में शामिल था। जिस रात वह घर से निकला, परिवार को भी नहीं पता था कि यह उसकी आखिरी रात होगी। कुछ देर बाद आए एक फोन ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। 24 साल की उम्र में पीयूष की अचानक हुई मौत से परिवार के साथ उसके दोस्त भी सदमे में हैं।

CCTV फुटेज से खुलेगा हादसे का राज

पीयूष की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हादसा कैसे हुआ और उसे टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हादसे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।