चंडीगढ़-पंजाब DGP दफ्तर के बाहर NRI लेडी का धरना: संपत्ति विवाद में गहने-नकदी वापस दिलाने की मांग; कहा-फ्रांस से आई हूं, मुझे न्याय चाहिए - Chandigarh News

Published on 29 सित॰ 2026

पंजाब डीजीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठीं बुजुर्ग एनआरआई महिला जोगिंदर कौर संधू।

चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित पंजाब डीजीपी कार्यालय के बाहर मंगलवार को फ्रांस से आई बुजुर्ग एनआरआई महिला जोगिंदर कौर संधू चादर बिछाकर धरने पर बैठ गई। महिला का कहना था कि उसे डीजीपी से मिलने नहीं दिया जा रहा है और वह न्याय की मांग को लेकर यहां आई है।

.

महिला ने बताया कि उसका संपत्ति को लेकर विवाद है। साथ ही वह अपने गहने और नकदी वापस दिलाने की मांग कर रही है। महिला के धरने पर बैठने के बाद डीजीपी कार्यालय के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी उसके पास पहुंचे।

सुरक्षाकर्मियों ने महिला को बताया कि डीजीपी से मुलाकात करवाना उनकी जिम्मेदारी नहीं है। उनका काम केवल पास बनाकर लोगों को कार्यालय के अंदर भेजना है। उन्होंने कहा कि पास बनाकर महिला को अंदर भेजा जा सकता है, जबकि डीजीपी से मुलाकात करवाने की जिम्मेदारी कार्यालय के स्टाफ की है।

इसके बाद मौके पर चंडीगढ़ पुलिस को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने भी महिला को समझाया कि उसका पास बनाकर उसे अंदर भेजा जा सकता है। अंदर पहुंचने के बाद डीजीपी स्टाफ को उसकी पर्ची दी जाएगी और स्टाफ ही मुलाकात करवाएगा।

क्या बोली एनआरआई महिला, जानिए सिलसिलेवार

  • लैंड माफिया की नजर हमारी प्रॉपर्टी पर: जोगिंदर कौर बोलीं, मैं एक्सपोर्ट चैंबर्स ऑफ कॉमर्स में रजिस्टर्ड हूं। फ्रांस से आई हूं। पता नहीं कब लैंड माफिया की नजर हमारी प्रॉपर्टी पर पड़ गई। 2004 में मेरा घर लूटा गया और मेरे ऊपर पर्चा दर्ज किया गया। मैं लुधियाना के एसपी के पास भी कई बार गई, लेकिन उन्होंने कहा कि डीजीपी के पास जाओ।
  • पुलिस ने पाठी को ही उठा लिया: महिला का कहना है कि मेरा बेटा पुलिस ऑफिसर है। उसने कहा कि मैं आता हूं। मैंने अपने घर में अखंड पाठ रखवाया, लेकिन पुलिस ने पाठी को ही उठा लिया और मुझ पर पर्चा दर्ज कर दिया। एडीजीपी ने कहा कि इसे जेल में डाल दो।
  • मुझे डीजीपी से मिलने नहीं दिया जा रहा: डीजीपी ने बार-बार रिपोर्ट में कहा है कि इसे तंग क्यों कर रहे हैं। एसएचओ ने मेरे घर से गहने लूटे। हाईकोर्ट ने कहा है कि डीजीपी से मिलो, लेकिन मुझे डीजीपी से मिलने नहीं दिया जा रहा।”
  • बोली- बहुत परेशान हूं, मुझे न्याय चाहिए: महिला ने पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की बात सुनने के बावजूद वहां से उठने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि वह बहुत परेशान है और उसे न्याय चाहिए। महिला का कहना था कि वह अपनी शिकायत लेकर डीजीपी कार्यालय पहुंची है और डीजीपी से मिलना चाहती है।