Dhanbad:  निरसा में अवैध प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़, करोड़ों की लॉटरी टिकट व मिनी प्रिंटिंग मशीन जब्त

Published on 1 अग॰ 2026

Dhanbad :  धनबाद पुलिस ने निरसा अनुमंडल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक मिनी प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने बीसीसीएल के एक जर्जर आवास में छापेमारी कर भारी मात्रा में छपे हुए कथित अवैध लॉटरी टिकट, प्रिंटिंग मशीनें और अन्य उपकरण जब्त किए हैं. बरामद टिकटों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

जर्जर बीसीसीएल आवास में चल रहा था अवैध प्रिटिंग प्रेस

यह कार्रवाई निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में शुक्रवार को चिरकुंडा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की. पुलिस टीम ने संबंधित बीसीसीएल आवास में दबिश दी, जहां कथित तौर पर अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई, कटिंग और पैकिंग का काम चल रहा था. छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में तैयार टिकट, मिनी प्रिंटिंग प्रेस, प्रिंटिंग उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई.

एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस

इस संबंध में एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने कहा कि जर्जर और बंद पड़े बीसीसीएल आवास का उपयोग सुनियोजित तरीके से अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था. बरामद मशीनों और सामग्री से यह आशंका जताई जा रही है कि यहां बड़े पैमाने पर लॉटरी टिकट तैयार किए जाते थे.

जब्त सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं, इसकी फंडिंग कैसे होती थी और तैयार किए गए टिकट किन-किन क्षेत्रों में खपाए जाते थे. साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है.

एसडीपीओ ने कहा कि बरामद लॉटरी टिकटों की वास्तविक संख्या, जब्त प्रिंटिंग मशीनों की कुल संख्या और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अवैध लॉटरी की छपाई व सप्लाई का केंद्र है निरसा

गौरतलब है कि निरसा थाना क्षेत्र लंबे समय से कथित अवैध लॉटरी की छपाई और आपूर्ति का केंद्र बना हुआ था. यहां से तैयार किए गए लॉटरी टिकट धनबाद के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के अन्य जिलों में भी भेजे जाते थे. छापेमारी के दौरान निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के साथ चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे.

EXCUSIVE: BCCL ने पुलिस को नहीं बताया AT Dev Prabha के निदेशकों के नाम
Dhanbad: ईडी छापेमारी के बाद GST चोरी का खेल पर से उठेगा परदा

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें