गश्त के दौरान कंट्रोल रूम से फर्रुखनगर में झगड़े की सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस टीम वहां के लिए रवाना हुई थी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और तीनों पुलिसकर्मी अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने गाड़ी के हिस्से तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
गुरुग्राम में टैंकर से टकराई पुलिस की गाड़ी, दो हेड कॉन्स्टेबलों की हुई मौत।
- Published: 14 Jul 2026, 10:15 AM IST
- Last Updated: 14 Jul 2026, 10:15 AM IST
गुरुग्राम रोड एक्सीडेंट: गुरुग्राम के फर्रुखनगर इलाके में सोमवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां गश्त पर तैनात पुलिस की एक ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) की पानी के टैंकर से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में गाड़ी में सवार दो हेड कॉन्स्टेबलों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी चला रहा एक कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है।
मृतक पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी की पहचान कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र के रूप में हुई है।
झगड़े की सूचना पर जा रही थी टीम
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे ईआरवी गाड़ी नंबर-254 हरिनगर डूमा एरिया में रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान फर्रुखनगर कंट्रोल रूम से पुलिस टीम को इलाके में एक झगड़े होने की सूचना मिली और तुरंत मौके पर पहुंचने का मैसेज मिला। कंट्रोल रूम से मिले आदेश के बाद हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल, अनिल और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र तुरंत ईआरवी लेकर फर्रुखनगर की ओर रवाना हो गए। गाड़ी को कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र चला रहे थे।
गाड़ी काट कर बाहर निकाले गए पुलिसकर्मी
जैसे ही पुलिस की ईआरवी गाड़ी खेड़ा खुर्मुपुर में सवेरा कॉलेज के पास पहुंची, अचानक वह आगे चल रहे एक पानी के टैंकर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ईआरवी का अगला हिस्सा पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया और तीनों पुलिसकर्मी गाड़ी के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस वाहन के हिस्सों को तोड़कर व काटकर तीनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और अनिल दम तोड़ चुके थे। गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र को तुरंत इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे महकमे में शोक की लहर है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।