
FDA अधिकारियों की बड़ी कार्रवाई.Image Credit source: TV9
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बीड जिले में खाद्य तेल की पैकिंग और खुले तेल के कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की है. 6 और 7 अगस्त 2026 को की गई छापेमारी में FDA ने कुल 1,19,187.5 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 94 लाख 50 हजार 922 रुपये बताई गई है.
FDA की इस कार्रवाई में 5 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं और सभी संबंधित यूनिट को बंद कर दिया गया है. कार्रवाई संयुक्त आयुक्त श्रीकांत करकले और सहायक आयुक्त नितिन मोहिटे के मार्गदर्शन एवं मौजूदगी में की गई. FDA के मुताबिक, 6 अगस्त को बीड के MIDC स्थित स्वागतम ऑयल इंडस्ट्रीज पर छापा मारा गया. जहां एक ही टैंक में मौजूद सोयाबीन तेल को रिफाइंड और अल्ट्रा रिफाइंड के नाम से भ्रामक तरीके से पैक किया जा रहा था.
यहां बड़े पैमाने पर पुराने टिनों का दोबारा इस्तेमाल, अस्वच्छ परिसर, इन-हाउस लैब की कमी, COA और फूड ग्रेड प्रमाणपत्र नहीं होने समेत कई अनियमितताएं मिलीं. यहां से 66,652.6 किलोग्राम खाद्य तेल, जिसकी कीमत 1 करोड़ 5 लाख 85 हजार 236 रुपये है, जब्त किया गया. FDA ने 10 नमूने जांच के लिए लिये हैं. यूनिट से Swagat Gold, Goodluck और Swastik Gold Ultra ब्रांड के तेल मिले. लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर यूनिट बंद कर दी गई.
चर्खा ऑयल मिल से 78 लाख रुपये का तेल जब्त
6 अगस्त को ही MIDC बीड स्थित चर्खा ऑयल मिल पर भी कार्रवाई की गई. यहां पामोलीन तेल की भ्रामक पैकेजिंग, पुराने टिनों का इस्तेमाल और अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं. साथ ही लैब, COA, फूड ग्रेड प्रमाणपत्र और जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे. FDA ने यहां से 45,995.7 किलोग्राम खाद्य तेल, जिसकी कीमत 78 लाख 22 हजार 50 रुपये है, जब्त किया और 11 नमूने लिए। Shubham, Anuj Drops और Shubham Ultra ब्रांड का तेल मिला. लाइसेंस निलंबित कर यूनिट बंद कर दी गई.
जय हनुमान ट्रेडर्स पर भी कार्रवाई
7 अगस्त को वडवणी स्थित जय हनुमान ट्रेडर्स पर छापेमारी की गई. यहां पुराने टिनों का इस्तेमाल, अस्वच्छ स्थिति, लैब और जरूरी प्रमाणपत्रों का अभाव तथा तेल के टैंक पर सही लेबलिंग नहीं होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं. यहां से 4,545.2 किलोग्राम खाद्य तेल, जिसकी कीमत 7 लाख 24 हजार 596 रुपये है, जब्त किया गया. Soham Refined Soybean Oil के नमूने समेत कुल 3 प्रवर्तन नमूने लिए गए। लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर यूनिट बंद कर दी गई.
मजलगांव में दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
7 अगस्त को मजलगांव के ओल्ड मोंढा इलाके में भी FDA ने कार्रवाई की. जाह्नवी कमर्शियल्स से असुरक्षित तरीके से रखा गया बिना लेबल का 1,746 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत 2 लाख 79 हजार 360 रुपये है. तेल पर बैच नंबर नहीं था और COA उपलब्ध नहीं था. यहां से दो नमूने लिए गए और लाइसेंस निलंबित कर यूनिट बंद कर दी गई.
वहीं विनायक ऑयल इंडस्ट्रीज से 248 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत 39 हजार 680 रुपये है. यहां भी खुले तेल के असुरक्षित भंडारण, पुराने टिनों के इस्तेमाल और जरूरी रिकॉर्ड नहीं होने जैसी खामियां मिलीं. एक प्रवर्तन नमूना लिया गया और लाइसेंस निलंबित कर यूनिट बंद कर दी गई.
कार्रवाई पर एक नजर
कुल जब्त तेल: 1,19,187.5 किलोग्राम
कुल कीमत: 1,94,50,922 रुपये
कुल प्रतिष्ठान: 5
सभी 5 के लाइसेंस निलंबित
कुल प्रवर्तन नमूने: 27
सभी संबंधित यूनिट बंद
FDA ने लोगों से अपील की है कि खाद्य तेल केवल लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही खरीदें. पैकेट पर FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, बैच नंबर और उचित लेबलिंग जरूर जांचें. FDA ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई पूरे महाराष्ट्र में लगातार जारी रहेगी.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More