अरवल जिले के तेलपा में एंबुलेंस चालक के साथ मारपीट मामले को लेकर हसपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पिता-पुत्र को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि रास्ते में एंबुलेंस से पानी का छींटा पड़ने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद चालक के साथ मारपीट की
.
घायल चालक की पहचान औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के पसवां गांव निवासी प्रवीण कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह हसपुरा रेफरल अस्पताल में एंबुलेंस BR01PN-7798 के चालक के रूप में कार्यरत हैं। पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर बाला बिगहा निवासी मुकेश कुमार और उसके पुत्र उज्ज्वल कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 7 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे एंबुलेंस कॉल सेंटर से फोन आया कि हथियारा से एक मरीज को लाना है। इसके बाद वह अपने सहयोगी ईएमटी अनिल कुमार के साथ एंबुलेंस लेकर हसपुरा रेफरल अस्पताल से निकले। सुबह करीब सात बजे एंबुलेंस अरवल जिले के बाला बिगहा गांव के पास पहुंची। इसी दौरान कथित तौर पर मारपीट की घटना हुई।

पीड़ित ने पिता-पुत्र पर लगाए आरोप।
पानी का छींटा पड़ने पर विवाद, लोहे की रॉड से हमला
आवेदन में बताया है कि रास्ते में एंबुलेंस से हल्का पानी का छींटा पड़ने के कारण मुकेश कुमार नाराज हो गया। इसके बाद उसने चालक और उसके सहयोगी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। चालक के अनुसार, एंबुलेंस किनारे खड़ी कर जब वे बाहर आए, तो विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई।
आरोप लगाया गया है कि मुकेश कुमार ने अपने पुत्र उज्ज्वल कुमार को बुलाया। इसके बाद उज्ज्वल कुमार कथित तौर पर लोहे की रॉड लेकर पहुंचा और चालक के सिर के पीछे वार कर दिया। चोट लगने से चालक जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपियों पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का कहना है कि उसका सहयोगी अनिल कुमार उसे बचाने का प्रयास करता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। पीड़ित के अनुसार, गला दबाए जाने के कारण वह बेहोश हो गया था। उसने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके गले में पहना सोने का लॉकेट भी छीन लिया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे।
पहले हसपुरा में इलाज, फिर बिगड़ी तबीयत; सदर अस्पताल में भर्ती
मारपीट के बाद घायल को हसपुरा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे घर लाया गया। शुक्रवार को उसकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़ित ने 8 अक्टूबर को शहर तेलपा थाने में आवेदन देकर मुकेश कुमार और उसके पुत्र उज्ज्वल कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।