मुजफ्फरपुर ब्रेड फैक्ट्री में कर्मचारी की संदिग्ध मौत:गले पर रस्सी के निशान; परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, FSL ने जुटाए सबूत
मुजफ्फरपुर5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र की एक ब्रेड फैक्ट्री में 21 साल के मजदूर हिरालाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हिरालाल शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के बैरिया गांव का रहने वाला था।
वह पिछले तीन साल से इसी फैक्ट्री में काम कर रहा था। घटना की जानकारी फैक्ट्री की कर्मचारी ममता देवी ने फोन कर परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव देखकर हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
मृतक के पिता किशुन बैठा ने बताया कि हिरालाल के गले पर रस्सी के गहरे निशान हैं। उनका आरोप है कि किसी ने गला दबाकर उसकी हत्या की है। पिता के मुताबिक, हिरालाल कुछ दिनों से परेशान था। उसकी किसी व्यक्ति से कहासुनी भी हुई थी और उसे गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

FSL टीम ने मौके से जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलने पर मीनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम भी बुलाई गई है, ताकि मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।
मीनापुर थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मौत की वजह पता करने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ममता देवी से पूछताछ, मजदूरों और दुकानदारों से भी जानकारी
पुलिस ने सबसे पहले परिजनों को घटना की जानकारी देने वाली फैक्ट्री कर्मचारी ममता देवी को पूछताछ के लिए रोका है। फैक्ट्री में काम करने वाले दूसरे मजदूरों और आसपास के दुकानदारों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
पुलिस पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता लगाने में मदद मिलेगी।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था हिरालाल
हिरालाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। एसकेएमसीएच के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचे ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
.