Gandhi Jayanti 2026: रायपुर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा, गूंजा गांधी-शास्त्री के विचारों का संदेश

Published on 2 अक्टू॰ 2026

Jayanti 2026 Chhattisgarh: रायपुर में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ ने राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की। ‘प्रयास’ और ‘तारुण्य वार्ता’ का विमोचन हुआ और युवाओं को सेवा, अनुशासन व सद्भाव का संदेश दिया गया।

Chhattisgarh News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद एवं संस्था की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

Chhattisgarh Scouts and Guides: पत्रिका और पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की पत्रिका ‘प्रयास’ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा यूनिसेफ द्वारा तैयार ‘तारुण्य वार्ता’ (मासिक धर्म पर खुलकर चर्चा) पुस्तक का विमोचन किया। इसके साथ ही संस्था की नई वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए स्काउट्स एवं गाइड्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

Gandhi Jayanti Message: प्रेम, सद्भाव और सम्मान का संदेश

शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज का मार्गदर्शन करते हैं। सर्वधर्म प्रार्थना सभा सभी धर्मों और आस्थाओं के सम्मान के साथ प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स से जुड़े बच्चे और युवा सेवा, अनुशासन और सहयोग की भावना को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। भारत की संस्कृति ‘सर्वधर्म समभाव’ और सभी के कल्याण की भावना पर आधारित है।

ये भी पढ़ें- Chhattisgarh News: नक्सल प्रभावित गांव में लोकतंत्र की नई तस्वीर, ग्राम सभा में उमड़े लोग

Scouts Guides: अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

श्री यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड का उद्देश्य केवल नियमों और प्रतिज्ञाओं का पालन करना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन में उतारना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्काउट और गाइड कम से कम एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने प्रकृति और पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि भारत की विविधता उसकी शक्ति है। विभिन्न आस्थाओं और परंपराओं के प्रति सम्मान सामाजिक एकता और सद्भाव का आधार है। उन्होंने युवाओं से गांधीजी और शास्त्रीजी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें- गांधी जयंती 2026: छत्तीसगढ़ में खादी वस्त्रों पर 25% डिस्काउंट, 'सेल्फी विद खादी' अभियान शुरू

सर्वधर्म प्रार्थना सभा में राष्ट्रीय एकता का संदेश

सभा में गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन एवं विचारों को याद करते हुए शांति, प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा ने सर्वधर्म समभाव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम अध्यक्ष श्री चंदू लाल साहू, औद्योगिक विकास निगम अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, राज्य बीज विकास निगम अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चंद्राकर, राज्य केश शिल्पी बोर्ड अध्यक्ष श्री गौरी शंकर श्रीवास, विधायक श्री मोती लाल साहू सहित विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष और अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।