Published: Sunday, August 2, 2026, 7:30 [IST]
Gaurav Khanna: टीवी का मशहूर रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' आज यानी 1 अगस्त 2026 से शुरू हो रहा है। शो को लेकर पहले से ही लोगों के बीच काफी एक्साइटमेंट देखने को मिल रही थी। इस बीच शो की कंटेस्टेंट शगुन शर्मा ने अपने को-कंटेस्टेंट और एक्टर गौरव खन्ना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शगुन का कहना है कि गौरव ने उन्हें शो में परेशान किया और काफी बुली किया। हालांकि इसके बाद गौरव के फैंस शगुन को ही लताड़ रहे हैं और हैरान हैं कि आखिर क्यों सब गौरव खन्ना के पीछे पड़ गए हैं।
'खतरों के खिलाड़ी 15' शुरू होने से पहले ही विवादों में
आपको बता दें कि सभी कंटेस्टेंट्स ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के केप टाउन में 'खतरों के खिलाड़ी 15' की शूटिंग पूरी कर ली और वो वापस लौट आए हैं। इस सीजन के जरिए रोहित शेट्टी करीब दो साल बाद स्टंट बेस्ड रिएलिटी शो लेकर लौट रहे हैं लेकिन ये नया सीजन शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गया है।
शगुन शर्मा ने एक्टर गौरव खन्ना पर लगाए गंभीर आरोप
-'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' सीरियल में नजर आईं एक्ट्रेस शगुन शर्मा ने अब एक्टर गौरव खन्ना पर उन्हें बुली करने के आरोप लगाए हैं और कहा है कि वह उनसे दोबारा कभी नहीं मिलना चाहेंगी। फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में शगुन शर्मा ने कहा है- मुझे लगता है गौरव खन्ना एक ऐसा इंसान है, जिससे मैं कभी मिलना नहीं चाहूंगी।
-शगुन शर्मा ने आगे कहा- वह ऐसा शख्स था, जिसने मुझे बहुत तंग किया। जैसे, अगर पांच लोग कोई काम कर रहे थे और उनमें से चार ने उसे बीच में ही छोड़ दिया, तो उन चार में से वह मुझे सबसे ज्यादा परेशान करता था। वह कहता था कि ये तो छोड़ देती है। ये कमजोर है। ऐसा मत करो।
सब लोग क्यों गौरव खन्ना के पीछे पड़े हैं?
शगुन शर्मा ने आगे कहा- मुझे लगता है कि असल जिंदगी में इंसान का रूप ही बदल जाता है। इसलिए मैं ये नहीं कहूंगी कि शायद गौरव खन्ना असल जिंदगी में एकदम वैसे ही हैं जैसे उन्होंने वहां बर्ताव किया हो। हालांकि इसके बाद लोग अब शगुन शर्मा को ही खरी-खोटी सुना रहे हैं। लोगों का कहना है कि गौरव खन्ना के खिलाफ बोलना अब एक ट्रेंड बन गया है। इस पॉडकास्ट के वीडियो पर लोगों के काफी कमेंट्स आ रहे हैं और वो हैरान हैं कि आखिर अचानक से सब लोग कैसे गौरव खन्ना के खिलाफ बोलने लगे हैं? पहले तो गौरव खन्ना इंडस्ट्री के अच्छे लोगों में से एक थे।
तलाक के खुलासे के बाद से निशाने पर गौरव खन्ना
आपको बता दें कि गौरव खन्ना की पत्नी आकांक्षा चमोला ने हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के रिएलिटी शो 'लॉकअप 2' में खुलासा किया था कि वह और गौरव तलाक लेने वाले हैं और दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे हैं। इसके बाद से ही गौरव खन्ना कुछ लोगों के निशाने पर आ गए हैं, जो सवाल उठाने लगे हैं कि एक्टर ने कैसे परफेक्ट रिश्ते और शादी का नाटक किया। सवाल उठ रहे हैं कि जब शादी में सब ठीक नहीं था, तो फिर वो क्यों ये दोनों दुनिया के सामने परफेक्ट पति-पत्नी का नाटक कर रहे थे?
कौन हैं शगुन शर्मा?
-शगुन शर्मा मशहूर टीवी एक्ट्रेस हैं। उन्होंने साल 2015 में 'कुछ तो है तेरे मेरे दरमियां' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। तब से अभी तक वह कई टीवी शोज का हिस्सा रह चुकी हैं। वह 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी', 'गंगा', 'इस प्यार को क्या नाम दूं 3' और 'तू आशिकी' जैसे शोज कर चुकी हैं।
-शगुन शर्मा को साल 2021 में आए सीरियल 'इश्क पर जोर नहीं' में सोनाली सोनू मल्होत्रा का किरदार निभाने के लिए सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी मिली थी। इसके बाद उन्होंने 'ससुराल गेंदा फूल 2' और 'हरफूल मोहिनी' जैसे शोज किए थे। वह फिलहाल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में परिधि विरानी का किरदार निभाती नजर आ रही हैं।