Sun, 09 Aug 2026 10:01 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sun, 09 Aug 2026 10:01 AM IST
सार
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने क्रिकेट के महानतम खिलाड़ी यानी GOAT को लेकर अपनी पसंद बताई है। ली ने सचिन तेंदुलकर को सबसे महान बल्लेबाज माना, लेकिन जब बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी और फील्डिंग को भी शामिल किया गया तो उन्होंने इस महान ऑलराउंडर को सबसे महान क्रिकेटर चुना। जानिए वो खिलाड़ी कौन हैं...
क्रिकेट में महानतम खिलाड़ी यानी G.O.A.T (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) को लेकर बहस कभी खत्म नहीं होती। सचिन तेंदुलकर से लेकर डॉन ब्रैडमैन, विराट कोहली और जैक्स कैलिस तक कई दिग्गजों के नाम इस चर्चा में आते हैं। अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने भी इस बहस में अपनी पसंद बताई है। खास बात यह है कि ली ने क्रिकेट के G.O.A.T के तौर पर सचिन तेंदुलकर नहीं, बल्कि दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक कैलिस को चुना है।
सचिन तेंदुलकर - फोटो : ANI
सचिन सबसे महान बल्लेबाज, कैलिस सबसे महान क्रिकेटर
ब्रेट ली ने साफ किया कि उनके लिए सचिन तेंदुलकर क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाज हैं। लेकिन जब बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी और फील्डिंग को भी शामिल किया जाता है तो जैक कैलिस का पलड़ा भारी हो जाता है। 'बीयर-बायसेप्स' पॉडकास्ट पर ली ने कहा, 'मैंने हमेशा कहा है कि मेरे हिसाब से क्रिकेट खेलने वाले सबसे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। लेकिन सबसे महान क्रिकेटर जैक कैलिस हैं। उनके आंकड़े दुनिया में सबसे शानदार हैं। अगर आप उनके आंकड़ों को देखें तो आंकड़े झूठ नहीं बोलते। वह अविश्वसनीय हैं।'
सचिन तेंदुलकर, जैक कैलिस - फोटो : ANI
कैलिस के आंकड़े क्यों बनाते हैं उन्हें खास?
- जैक कैलिस का रिकॉर्ड उनके दावे को मजबूत आधार देता है। वह टेस्ट और वनडे दोनों में 10 हजार से ज्यादा रन और 250 से अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं। टेस्ट क्रिकेट में कैलिस ने 166 मैचों में 13,289 रन बनाए और 292 विकेट लिए। वहीं, वनडे में उनके नाम 11,579 रन और 273 विकेट हैं। टेस्ट में उन्होंने 200 कैच भी लपके।
- कैलिस की खासियत सिर्फ उनके आंकड़े नहीं थे। वह बल्लेबाजी में टीम के लिए बड़े रन बना सकते थे, गेंद से विकेट निकाल सकते थे और स्लिप में शानदार कैच पकड़ते थे। यही ऑलराउंड क्षमता उन्हें ली की नजर में सबसे आगे रखती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
जैक कैलिस - फोटो : Twitter
केकेआर में साथ रहे, करीब से देखा कैलिस का अंदाज
ब्रेट ली और कैलिस ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी साथ खेला। ली ने 2011 से 2013 तक केकेआर का हिस्सा रहते हुए कैलिस को करीब से देखा। ली ने कैलिस की तैयारी को याद करते हुए कहा, 'एक टीम साथी के तौर पर उनके साथ रहना और मैच से पहले उन्हें तैयारी करते देखना शानदार था। बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले भी उनकी दिल की धड़कन करीब 30 प्रति मिनट रहती थी। वह बेहद शांत और रिलैक्स रहते थे।' उन्होंने कैलिस की रोजाना की एक खास आदत भी याद की और बताया कि वह हर दिन लगभग एक ही क्रम में अपना बल्लेबाजी गियर पहनते थे।
विज्ञापन
सचिन तेंदुलकर - फोटो : ANI
सचिन के आंकड़े भी हैं बेमिसाल
वहीं, सचिन तेंदुलकर के आंकड़े भी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने 664 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 34,357 रन बनाए और 100 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए। टेस्ट में उनके नाम 15,921 और वनडे में 18,426 रन हैं। इसलिए ब्रेट ली की पसंद सचिन की महानता को कम नहीं करती। उनका तर्क साफ है, सबसे महान बल्लेबाज सचिन हैं, लेकिन बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों को मिलाकर सबसे संपूर्ण क्रिकेटर जैक कैलिस हैं।