Published: Thursday, August 13, 2026, 12:03 [IST]
Haiwaan Teaser Out: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और सैफ अली खान की थ्रिलर फिल्म 'हैवान' इस समय सोशल मीडिया पर छाई हुई है। दरअसल फिल्म हैवान का टीजर रिलीज हो गया है। वेंकट नारायण के KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स ने प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का 45 सेकेंड का टीजर दिखाया है। लोगों को फिल्म का टीजर काफी पसंद आ रहा है।
थ्रिलर फिल्म 'हैवान' का दमदार टीजर रिलीज
लोगों की मानें तो ये टीजर अपने आप में रोमांचक है और फिल्म के लिए दर्शकों का उत्साह बढ़ाने वाला काम भी कर रहा है। दरअसल मेकर्स ने कहानी और किरदारों को लेकर गजब रहस्य बनाया है क्योंकि टीजर में न तो अक्षय कुमार और न ही सैफ अली खान का चेहरा दिखाया गया है, जो दिख रहा है वह सिर्फ परछाई है। यूट्यूब से लेकर सोशल मीडिया तक पर 'हैवान' मूवी की चर्चा हो रही है और फैंस इसे अभी से 'ब्लॉकबस्टर' बता रहे हैं।
45 सेकेंड के टीजर ने मचाई धूम
-आपको बता दें कि सैफ अली खान और अक्षय कुमार की जोड़ी 6 बार बड़े पर्दे पर साथ आ चुकी है। ऐसे में जब से 'हैवान' मूवी का ऐलान हुआ था, बॉलीवुड के फैंस इसको लेकर एक्साइटेड थे। अब जब टीजर सामने आया है, तो लोग इसे जबरदस्त और धुंआधार बता रहे हैं।
-फिल्म 'हैवान' के टीजर की शुरुआत एक महिला की आवाज से होती है, जो एक उदास धुन गुनगुना रही है। इसके बाद सैफ अली खान के किरदार की परछाई दिखती है, जो फोन पर बात कर रहा है। अगले ही शॉट में ये स्पष्ट हो जाता है कि सैफ अली खान का ये किरदार आंखों से देख नहीं सकता। बैकग्राउंड में इसके बाद एक और आदमी की परछाई दिखाई देती है। ये अक्षय कुमार है, जो रहस्यमयी ढंग से कमरे की कांच की दीवार पर झुकते हैं, वहां सैफ अली खान भी मौजूद हैं।
एक मर्डर और बिल्डिंग से गिरते नोट
45 सेकेंड के इस टीजर में कुछ शॉट्स में सैफ अली खान के नेत्रहीन किरदार को छड़ी की मदद से चलते और सीढ़ियां उतरते देखते हैं। वह अपनी टैक्टाइल घड़ी (छूकर समय बताने वाली घड़ी) पर वक्त जानने की कोशिश करते हैं। इसके बाद एक मर्डर दिखाया जाता है, जिसमें विक्टिम जमीन पर लेटे हुए मदद के लिए हाथ उठाता है। फिर एक ऊंची बिल्डिंग से नोट गिरते हुए देखा जा सकता है, जो इस मर्डर के मकसद पर सवाल उठते हैं।
अक्षय कुमार की दमदार शैतानी हंसी
टीजर के आखिर में अक्षय कुमार दीवार पर हाथ टिकाते हैं और कांच से झांकते हैं। स्क्रीन पर खून जैसे लाल रंग में फिल्म का टाइटल 'हैवान' चमकता है। आखिर में सुनाई देती है अक्षय कुमार की सनक भरी शैतानी हंसी। साफ है कि मेकर्स ने टीजर में कहानी के रहस्य का रोमांच बनाए रखा है और यही बात इसे देखने वाले दर्शकों को फैंस को पसंद भी आई है।
'हैवान' की दमदार कहानी और स्टारकास्ट
प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'हैवान' में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर और बोमन ईरानी भी नजर आएंगे। ये साल 2016 की मलयालम नियो-नॉयर क्राइम थ्रिलर 'ओप्पम' का ऑफिशियल रीमेक है। ओरिजिनल फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में थे और रीमेक में भी उनका एक कैमियो रोल है। हिंदी अडैप्टेशन में सैफ अली खान ने मोहनलाल वाला किरदार निभाया है। वह एक अंधे मार्शल आर्टिस्ट बने हैं, जो एक छोटी बच्ची को एक गंदे साइकोपैथ से बचाते हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म 'हैवान'?
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी कॉमेडी फिल्मों के लिए जानी चाहती है। हालिया रिलीज 'भूत बंगला' और उससे पहले 'हेरा फेरी' के बाद दोनों अब क्राइम-थ्रिलर लेकर आ रहे हैं। यs अपने आप में रोमांचक है। आपको बता दें कि फिल्म 'हैवान' आगामी 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।