Hockey World Cup 2026: भारत का जीत के साथ आगाज, वेल्स को 3-1 से हराया, कप्तान हरमनप्रीत ने दागे 2 गोल

Published on 15 अग॰ 2026

Hockey World Cup 2026: भारत का जीत के साथ आगाज, वेल्स को 3-1 से हराया, कप्तान हरमनप्रीत ने दागे 2 गोल

भारत ने वेल्स को 3-1 से हराया. (फोटो- GETTY)

India vs Wales, Hockey World Cup 2026: बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहे हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने धमाकेदार शुरुआत की है. 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खेले गए अपने पहले पूल-डी मुकाबले में टीम इंडिया ने वेल्स को 3-1 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार जीत के साथ आगाज किया. इस मुकाबले में भारतीय टीम पूरी तरह से हावी रही और मैच की शुरुआत से ही अपनी बढ़त को बनाए रखा. भारत कप्तान हरमनप्रीत ने एक बार फिर कमाल का खेल दिखाया.

पहले क्वार्टर में ही भारत ने बनाई 2-0 की मजबूत बढ़त

मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमों ने संतुलित खेल दिखाया, लेकिन जल्द ही भारतीय फारवर्ड्स ने मैच पर अपनी पकड़ बना ली. 8वें मिनट में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर युवा डिफेंडर संजय ने बेहतरीन ड्रैग-फ्लिक का मुजाहिरा किया और वेल्स के डिफेंस को भेदते हुए गेंद को नेट के कोने में डालकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. फिर 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया. हरमनप्रीत के ताकतवर और सटीक फ्लिक के सामने वेल्स का गोलकीपर बेबस नजर आया.

फिर दूसरा क्वार्टर गोलरहित रहा, जिसमें वेल्स के मजबूत डिफेंस ने भारत के सूरज करकेरा और मोहित के हमलों को नाकाम किया, जिसके चलते पहले हाफ के खत्म होने तक भारत 2-0 से आगे था. दूसरे हाफ में भी भारत ने अपनी इस बढ़त को बनाए रखा और वेल्स को मुकाबले में काफी पीछे छोड़ दिया.

दूसरे हाफ का रोमांच और 3-1 से मुकाबला अपने नाम

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने मिडफील्ड से आक्रामक खेल जारी रखा. मैच के तीसरे क्वार्टर में शानदार फील्ड प्ले के जरिए भारत ने स्कोर 3-0 कर दिया. मैच का तीसरा गोल भी भारत कप्तान हरमनप्रीत ने दागा. फिर आखिरी क्वार्टर में वेल्स ने वापसी की कोशिश की और 56वें मिनट में एक फील्ड गोल दागकर स्कोर 3-1 किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला 3-1 से जीतकर पूल-डी में शानदार शुरुआत की.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button