ICC Rankings: काव्या मारन ने जिस पाकिस्तानी खिलाड़ी पर खेला था दांव, अब वो बना दुनिया का नंबर-1 गेंदबाज

Published on 23 सित॰ 2026

ICC Rankings: काव्या मारन ने जिस पाकिस्तानी खिलाड़ी पर खेला था दांव, अब वो बना दुनिया का नंबर-1 गेंदबाज

अबरार अहमद बने दुनिया के नंबर-1 टी20I गेंदबाज. (फोटो- PTI)

ICC T20I Rankings: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की ओर से जारी ताजा टी20 पुरुष गेंदबाजी रैंकिंग में पाकिस्तान के 28 साल के मिस्ट्री लेग-स्पिनर अबरार अहमद ने नया मुकाम हासिल कर लिया है. अबरार ने अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के नंबर-1 टी20I गेंदबाज की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है. ताजा रैंकिंग अपडेट में अबरार 736 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. वो राशिद खान से सिर्फ एक अंक आगे निकलकर टॉप पर पहुंचे हैं, जिसके चलते राशिद दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं.

अबरार को राशिद के खराब प्रदर्शन का मिला फायदा

भारत के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज के आखिरी मैच में खराब प्रदर्शन का खामियाजा अफगानिस्तान के स्टार लेग-स्पिनर राशिद खान को भुगतना पड़ा है, जिसके चलते उन्हें अपनी नंबर-1 की कुर्सी गंवानी पड़ी है. वहीं, पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद करियर में पहली बार दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं. अबरार अहमद टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग के टॉप पर पहुंचने वाले पाकिस्तान के इतिहास के सिर्फ पांचवें गेंदबाज बने हैं. उनसे पहले उमर गुल, सईद अजमल, शाहिद अफरीदी और इमाद वसीम इस ही इस मुकाम को हासिल कर सके थे.

नंबर-1 बनने से पहले अबरार दूसरे स्थान पर बने हुए थे और लंबे समय से लगातार अपनी कसी हुई गेंदबाजी का लोहा मनवा रहे थे. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अबरार ने पांच मैचों में छह विकेट चटकाए थे. इसमें श्रीलंका के खिलाफ ग्रुप मैच में 23 रन देकर 3 विकेट, नीदरलैंड्स के खिलाफ 2 विकेट और अमेरिका के खिलाफ 1 विकेट शामिल रहा. फिर लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 3 टी20 मैचों में 6 विकेट लिए थे. इस बार वो इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड में काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स के लिए भी खेले थे, जहां उन्होंने 8 मैचों में 4 विकेट लिए थे.

हैरी ब्रूक का तूफानी उछाल

इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने भी रैंकिंग में धमाकेदार छलांग लगाई है. ब्रूक ने साउथम्प्टन में खेले गए पहले मुकाबले में 114 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली थी और पूरी सीरीज में 170 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे. इस शानदार फॉर्म के दम पर वो टी20आई रैंकिंग में पांच पायदान ऊपर चढ़ गए हैं. इस लिस्ट में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन टॉप पर काबिज हैं. टेस्ट क्रिकेट में पहले से ही दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज ब्रूक अब वनडे रैंकिंग में भी तीन स्थान के सुधार के साथ 12वें पायदान पर पहुंच गए हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button