
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान. (फोटो- GETTY)
Team India Squad For New Zealand T20Is: घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड का दौरा करना है. इस दौरे का आगाज 5 मैचों की टी20 सीरीज के साथ होगा. इस रोमांचक टी20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में ही रहेगी, वहीं युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आएंगे. वहीं, भुवनेश्वर कुमार की सालों बाद टी20 टीम में वापसी हो गई है. इस सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी.
भुवनेश्वर कुमार की हुई वापसी
भुवनेश्वर कुमार ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी टी20 मैच साल 2022 में खेला था. इसके बाद से ही वो टीम से बाहर चल रहे थे. लेकिन हाल के समय में उनका घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन काफी शानदार रहा है. इस साल उन्होंने RCB को आईपीएल चैंपियन बनाने में भी अहम भूमिका निभाई थी, जिसके चलते उन्हें बीसीसीआई ने ये बड़ा मौका दिया है.
BCCI ने चुनी मजबूत टीम
इस टीम सेलेक्शन में युवाओं और विस्फोटक फॉर्म वाले खिलाड़ियों को तरजीह दी गई है. युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को कीवी दौरे के लिए टीम में जगह देकर सेलेक्टर्स ने बड़ा भरोसा जताया है. वहीं, संजू सैमसन विकेटकीपर के रूप में स्क्वॉड का हिस्सा हैं, ईशान किशन भी टीम में चुने गए हैं. इनके साथ अभिषेक शर्मा और नमन धीर जैसे आक्रामक बल्लेबाजों पर तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी होगी.
वहीं, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी टीम को संतुलन देंगे. स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती की जोड़ी पर रहेगा. न्यूजीलैंड की उछालभरी और तेज पिचों पर प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह और भुवनेश्वर कुमार तेज गेंदबाजी की कमान संभालेगी.
भारत की टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव
भारत VS न्यूजीलैंड T20I सीरीज का पूरा शेड्यूल
- पहला T20I: 22 अक्टूबर 2026 — हेगले ओवल, क्राइस्टचर्च
- दूसरा T20I: 24 अक्टूबर 2026 — हेगले ओवल, क्राइस्टचर्च
- तीसरा T20I: 27 अक्टूबर 2026 — स्काई स्टेडियम, वेलिंगटन
- चौथा T20I: 30 अक्टूबर 2026 — ईडन पार्क, ऑकलैंड
- पांचवां T20I: 1 नवंबर 2026 — सेडन पार्क, हैमिल्टन

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More