IND vs NZ: 6 मैचों में 2 शतक और 71 का औसत... फिर भी न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए क्यों नहीं चुने गए यशस्वी जायसवाल?

Published on 17 अक्टू॰ 2026

IND vs NZ: 6 मैचों में 2 शतक और 71 का औसत… फिर भी न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए क्यों नहीं चुने गए यशस्वी जायसवाल?

वनडे टीम में क्यों नहीं चुने गए यशस्वी जायसवाल? (फोटो- PTI)

IND vs NZ ODIs: न्यूजीलैंड दौरे पर खेली जाने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. लेकिन इस बार वनडे टीम में स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल को जगह नहीं मिली है. वो भारत की पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा थे. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 2 स्क्वॉड चुने गए हैं, लेकिन जायसवाल दोनों ही स्क्वॉड से गायब हैं. हालांकि, जायसवाल को वनडे टीम में नजरअंदाज नहीं किया गया है, बल्कि इसके बीच एक बड़ी वजह भी है.

वनडे टीम में क्यों नहीं चुने गए यशस्वी जायसवाल?

यशस्वी जायसवाल का वनडे रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. उन्होंने अपने छोटे से वनडे करियर में अब तक 6 वनडे मैच खेले हैं. इन 6 मैचों में उन्होंने 71.25 की जबरदस्त औसत से 285 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शानदार शतक भी निकल चुके हैं. वो किसी भी परिस्थिति में अकेले दम पर मैच का पासा पलटने का दमखम रखते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वनडे स्क्वॉड से दूर रखने के पीछे क्रिकेटिंग कारण ज्यादा हैं.

दरअसल, भारतीय वनडे टीम के टॉप ऑर्डर में कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान शुभमन गिल की जोड़ी सलामी जोड़ी के रूप में खेल रही है.इसके अलावा नंबर तीन का स्थान दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के लिए फिक्स है. इन सीनियर और अनुभवी खिलाड़ियों के रहते प्लेइंग-11 में यशस्वी के लिए ओपनिंग स्लॉट में जगह बन पाना लगभग नामुमकिन है. ऐसे में अगर उन्हें सिर्फ 15 सदस्यीय स्क्वॉड में शामिल किया जाता, तो वो पूरी वनडे सीरीज के दौरान डगआउट में बेंच पर ही बैठे रह जाते और उन्हें मैदान पर कोई मुकाबला खेलने को नहीं मिलता.

टेस्ट सीरीज की तैयारी का मिलेगा मौका

वहीं, इस वनडे सीरीज के बाद टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज भी खेलनी है और टेस्ट में यशस्वी जायसवाल टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं. जिसके चलते जायसवाल को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के मद्देनजर इंडिया A की रेड-बॉल टीम में शामिल किया गया है, जो वनडे सीरीज के दौरान ही खेली जाएगी. न्यूजीलैंड की तेज, उछाल भरी और सीमिंग पिचों पर विदेशी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलने से पहले वहां की परिस्थितियों में ढलना किसी भी युवा बल्लेबाज के लिए काफी जरूरी है. ऐसे में वनडे के बेंच पर समय बिताने के बजाए इंडिया A के लिए मैच खेलना जायसवाल और टीम इंडिया दोनों के अच्छा साबित हो सकता है.

वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड

पहले 3 ODI मैचों के लिए स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कम्बोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा (फिटनेस पर) और कुलदीप यादव.

चौथे और पांचवें ODI के लिए स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button